1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 58 गेंदों में टारगेट चेज कर इंग्लैंड बनी नंबर 1 टीम, T20I में खत्म हुई टीम इंडिया की बादशाहत

58 गेंदों में टारगेट चेज कर इंग्लैंड बनी नंबर 1 टीम, T20I में खत्म हुई टीम इंडिया की बादशाहत

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 19, 2026 10:46 pm IST,  Updated : Sep 19, 2026 10:46 pm IST

इंग्लैंड ने श्रीलंका का सूपड़ा साफ करते हुए 3 मैचों की वनडे सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। सीरीज के आखिरी मैच में भी श्रीलंका को निराशा हाथ लगी। इस मैच में इंग्लैंड ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट से आसान जीत दर्ज की।

IND vs ENG- India TV Hindi
भारत और इंग्लैंड Image Source : PTI

इंग्लैंड ने तीसरे टी20 मैच में श्रीलंका को 8 विकेट से हराकर 3-0 से पूरी सीरीज अपने नाम कर ली है। इंग्लैंड पहला मैच 119 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 से आगे हो गई थी। वहीं अंग्रेज टीम ने दूसरा मैच 6 विकेट से जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल की। श्रीलंका के पास आखिरी मैच जीतकर अपनी साख बचाने का मौका था, लेकिन वे इसमें भी नाकाम रहे। आखिरी मैच को जीतकर इंग्लैंड की टीम भारत को पीछे छोड़ते हुए ICC T20I रैंकिंग में नंबर 1 पर पहुंच गई है।

श्रीलंका के बल्लेबाजों का फ्लॉप शो

पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम पूरी तरह फ्लॉप रही और 18.5 ओवर में सिर्फ 124 रन पर ढेर हो गई, जहां उसके 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा (10 रन) भी नहीं छू सके। टीम के लिए पाथुम निसंका ने 36 रन और कामिंदु मेंडिस ने 35 रन बनाकर थोड़ा संघर्ष किया, लेकिन बाकी कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। इंग्लैंड की तरफ से शानदार गेंदबाजी करते हुए सॉनी बेकर, जोफ्रा आर्चर और विल जैक्स ने 2-2 विकेट लिए, जबकि लियाम डॉसन और जेमी ओवरटन को 1-1 सफलता मिली।

इंग्लैंड ने 58 गेंदों में ही चेज किया टारगेट

125 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 9.4 (58 गेंदों) ओवरों में ही जीत दर्ज कर ली। इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर एन्यूरिन डोनाल्ड 13 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि इसके बाद जोस बटलर और कप्तान हैरी ब्रूक ने मिलकर 38 गेंदों में 85 रनों की तूफानी साझेदारी की और टीम को आसानी से जीत के करीब पहुंचा दिया। बटलर ने इस मुकाबले में 32 गेंदों पर नाबाद 62 रनों की शानदार पारी खेली। बटलर ने पिछले मैच में टी20 फॉर्मेट में 15000 रन पूरे किए थे। T20 सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद अब दोनों टीमों के बीच 22, 24 और 27 सितंबर को तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।

ब्रूक ने इंग्लैंड की धरती पर पूरे किए 3000 इंटरनेशनल रन

हैरी ब्रूक ने तीसरे टी20 इंटरनेशनल में 21 गेंदों में 33 रनों की पारी खेली और इसी के साथ उन्होंने इंग्लैंड की धरती पर अपने 3000 इंटरनेशनल रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने अपने देश में खेलते हुए 79 पारियों में 43.50 की बेहतरीन औसत से कुल 3002 रन बनाए हैं। इस सीरीज में शानदार बल्लेबाजी के लिए हैरी ब्रूक को प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला। उनके बल्ले से इस सीरीज के 3 मैचों में कुल 170 रन आए।

यह भी पढ़ें

47 साल के गेंदबाज ने रचा इतिहास, CPL क्वालीफायर मैच में तोड़ा सुनील नरेन का महारिकॉर्ड

एकमात्र टेस्ट मैच के लिए बांग्लादेश ने किया स्क्वॉड का ऐलान, तौहीद हृदोय और जैकर अली की हुई वापसी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल