कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 (CPL 2026) का क्वालीफायर-2 बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में गयाना अमेजन वॉरियर्स के कप्तान इमरान ताहिर ने जमैका किंग्समैन के खिलाफ मैच में सिर्फ एक विकेट लेकर नया इतिहास रच दिया। इमरान ताहिर अब वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर सुनील नारायण का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़कर CPL के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। इस मैच में अंत में गयाना की टीम को हार का सामना करना पड़ा और इसके साथ ही जारी टूर्नामेंट में उनकी टीम का सफर समाप्त हो गया है।
इमरान ताहिर ने तोड़ा सुनील नरेन का बड़ा रिकॉर्ड
इमरान ताहिर ने सुनील नरेन का रिकॉर्ड तोड़कर कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। ताहिर ने 102 मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 146 विकेट झटके हैं, जबकि नरेन 136 मैचों में 145 विकेटों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। इसके अलावा ड्वेन ब्रावो (129 विकेट), जेसन होल्डर (121 विकेट) और आंद्रे रसेल (112 विकेट) इस लिस्ट में ताहिर से काफी पीछे हैं। ताहिर ने इसी CPL में एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
CPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
- इमरान ताहिर - 146 विकेट (102 मैच)
- सुनील नारायण - 145 विकेट (136 मैच)
- ड्वेन ब्रावो - 129 विकेट (107 मैच)
- जेसन होल्डर - 121 विकेट (124 मैच)
- आंद्रे रसेल - 112 विकेट (125 मैच)
CPL 2026 में भी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर हैं ताहिर
इमरान ताहिर टी20 फॉर्मेट के बेहद शानदार गेंदबाज हैं और उन्होंने साल 2026 की कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में भी सबसे बेहतरीन गेंदबाजी करके इसे साबित कर दिखाया है। इस सीजन में उन्होंने 12 मैचों में कुल 16 विकेट झटके। हालांकि हुनैन शाह और मैथ्यू फोर्ड ने भी 16-16 विकेट लिए हैं, लेकिन ताहिर की इकॉनमी रेट बाकी बॉलर्स से काफी कम है जिसकी वजह से वह फिलहाल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर हैं।
जमैका किंग्समेन की टीम पहुंची फाइनल में
इस मैच में जमैका किंग्समेन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। जवाब में गयाना अमेजन वॉरियर्स ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 206 रनों का विशाल स्कोर बनाया, जिसमें शिमरोन हेटमायर ने सिर्फ 45 गेंदों पर नाबाद 102 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेली। हालांकि, 207 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमैका की टीम ने शानदार खेल दिखाया। कीसी कार्टी (56 रन), माज सदाकत (41 रन) और कप्तान रोवमैन पॉवेल (17 गेंदों में नाबाद 40 रन) की बेहतरीन पारियों की बदौलत जमैका ने 19.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मैच 5 विकेट से अपने नाम कर लिया और फाइनल में जगह पक्की की।
यह भी पढ़ें
प्लेयर्स कर रहे हैं एशियन गेम्स के लिए जर्सी का इंतजार, जापान के लिए कब रवाना होगी टीम इंडिया?