1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इमरान ताहिर ने 47 साल की उम्र में रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में 5 विकेट हॉल लेने वाले बने सबसे उम्रदराज पुरुष खिलाड़ी

इमरान ताहिर ने 47 साल की उम्र में रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में 5 विकेट हॉल लेने वाले बने सबसे उम्रदराज पुरुष खिलाड़ी

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Sep 10, 2026 11:36 am IST,  Updated : Sep 10, 2026 11:36 am IST

साउथ अफ्रीका टीम के पूर्व खिलाड़ी इमरान ताहिर 47 साल की उम्र में भी अपनी गेंदबाजी से कमाल दिखा रहे हैं, जिसमें कैरेबियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ मैच में 5 विकेट हॉल लेने के साथ इतिहास रच दिया है।

Imran Tahir- India TV Hindi
इमरान ताहिर Image Source : AFP

साउथ अफ्रीका टीम के पूर्व खिलाड़ी इमरान ताहिर जो अभी कैरेबियन प्रीमियर लीग के जारी सीजन में गुयाना अमेजन वॉरियर्स टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं, उन्होंने सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अपनी गेंदबाजी से वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का काम किया। इमरान ताहिर अब पुरुष टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा उम्र में 5 विकेट हॉल लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इमरान ताहिर ने सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ मैच में 4 ओवर्स की अपनी गेंदबाजी में 17 रन देने के साथ 5 विकेट हासिल किए, जिसके दम पर उनकी टीम इस मुकाबले को चार विकेट से जीत हासिल करने में कामयाब रही।

इमरान ताहिर ने तोड़ा टोमाकानुटे रिटावा का रिकॉर्ड

इमरान ताहिर जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद से फ्रेंचाइजी टी20 क्रिकेट खेलना जारी रखा हुआ है, वह कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 के सीजन में गुयाना अमेजन वॉरियर्स टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। ताहिर ने सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ मैच में जब 5 विकेट हॉल अपना पूरा किया तो उनकी उम्र 47 साल 166 दिन की थी, जिसके साथ ही वह अब पुरुष टी20 क्रिकेट में 5 विकेट हॉल लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड कुक आइसलैंड्स के टोमाकानुटे रिटावा के नाम पर था जिन्होंने 46 साल 299 दिन की उम्र में टी20 क्रिकेट में 5 विकेट हॉल लिया था।

पुरुष टी20 क्रिकेट में 5 विकेट हॉल लेने वाले उम्रदराज खिलाड़ी

  • इमरान ताहिर (साउथ अफ्रीका) - 47 साल 166 दिन की उम्र
  • टोमाकानुटे रिटावा (कुक आइसलैंड्स) - 46 साल 299 दिन की उम्र
  • इमरान ताहिर (साउथ अफ्रीका) - 46 साल 148 दिन की उम्र
  • इमरान ताहिर (साउथ अफ्रीका) - 44 साल 323 दिन उम्र
  • प्रकाश मिश्रा (बुल्गारिया) - 44 साल 165 दिन उम्र
  • इमरान ताहिर (साउथ अफ्रीका) - 42 साल 135 दिन उम्र

उम्रदराज खिलाड़ी के रूप में 5 विकेट हॉल लेने का रिकॉर्ड जोआन हिक्स के नाम है दर्ज

टी20 क्रिकेट में उम्रदराज खिलाड़ी के रूप में 5 विकेट हॉल लेने का रिकॉर्ड आइल ऑफ मैन की महिला खिलाड़ी जोआन हिक्स के नाम पर दर्ज है, जिन्होंने 51 साल 173 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था। जोआन हिक्स ने ग्रीस महिला टीम के खिलाफ खेले गए टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में सिर्फ 10 रन देने के साथ 5 विकेट लिए थे, जिसमें वह इंटरनेशनल क्रिकेट में महिला और पुरुष दोनों में किसी मुकाबले में 5 विकेट हॉल लेने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी हैं।

ये भी पढ़ें

 

टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर नहीं, IND vs AFG सीरीज से बाहर हो सकते हैं हर्षित राणा

बाबर आजम बने पाकिस्तान की सबसे बड़ी टेंशन, 4 साल से नहीं आई टेस्ट सेंचुरी, फिर होंगे बाहर!

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल