1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शादाब-हारिस की साझेदारी ने पाकिस्तान को दिलाई रोमांचक जीत, वनडे में मिलकर तोड़ा 51 साल पुराना रिकॉर्ड

शादाब-हारिस की साझेदारी ने पाकिस्तान को दिलाई रोमांचक जीत, वनडे में मिलकर तोड़ा 51 साल पुराना रिकॉर्ड

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Oct 25, 2026 11:01 pm IST,  Updated : Oct 25, 2026 11:01 pm IST

पाकिस्तानी टीम अपने घर पर वनडे ट्राई सीरीज खेल रही है, जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में 154 के स्कोर पर 9 विकेट गंवाने के बाद वह 242 रनों के टारगेट का पीछा करने में कामयाब रही। इसमें शादाब खान और हारिस रऊफ के बीच 10वें विकेट के लिए हुई 89 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी ने अहम भूमिका अदा की।

Haris Rauf And Shadab Khan- India TV Hindi
हारिस रऊफ और शादाब खान Image Source : GETTY

पाकिस्तान की टीम अपने घर पर वनडे ट्राई सीरीज खेल रही है, जिसमें 25 अक्टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले को वह ऐसी स्थिति से जीतने में कामयाब रहे जहां से उनकी हार लगभग तय हो गई थी। पाकिस्तानी टीम को इस मुकाबले में 242 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा करते हुए जहां उनकी शुरुआत काफी खराब देखने को मिली तो वहीं उन्होंने 154 के स्कोर तक अपने 9 विकेट गंवा दिए थे। यहां से शादाब खान और हारिस रऊफ ने न सिर्फ मिलकर पारी को संभाला बल्कि 10वें विकेट के लिए 89 रनों की साझेदारी करने के साथ टीम को जीत दिलाकर वापस लौटे। शादाब और हारिस ने मिलकर अपनी साझेदारी के दम पर वनडे में 51 साल पुराना एक रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वहीं पाकिस्तानी टीम ने इस मैच को जीतने के साथ फाइनल में भी अपनी जगह पक्की कर ली है जबकि लगातार 2 मुकाबले गंवाने के बाद इंग्लैंड के लिए फाइनल में पहुंचना अब मुश्किल लग रहा है।

सफल रन चेज में की 10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी

शादाब खान जिन्होंने हारिस रऊफ के साथ मिलकर 10वें विकेट के लिए इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में रन चेज करते हुए 89 रनों की हुई साझेदारी में अहम भूमिका अदा कि जिसमें उनके बल्ले से इस मुकाबले में नाबाद मैच विनिंग 113 रनों की पारी देखने को मिली। शादाब का यह उनके वनडे करियर का पहला शतक भी है। वहीं हारिस रऊफ को लेकर बात की जाए तो उन्होंने 18 गेंदों का सामना करते हुए 7 रनों की नाबाद पारी खेली। दोनों ने मिलकर वनडे क्रिकेट इतिहास में सफल रन चेज में 10वें विकेट के लिए सबसे ज्यादा रनों की साझेदारी करने का नया रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले यह कीर्तिमान वेस्टइंडीज के डेरिक मरे और एंडी रॉबर्ट्स के नाम पर था, जिन्होंने साल 1975 में पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम के मैदान पर खेले गए मुकाबले में 267 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 64 रनों की 10वें विकेट के लिए मैच विनिंग साझेदारी की थी।

शादाब खान ने किया बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे ट्राई सीरीज के इस मुकाबले में शादाब खान अपनी 113 रनों की नाबाद पारी के दम पर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने में कामयाब रहे हैं, जिसमें अब वनडे क्रिकेट में वह नंबर-8 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रनों की पारी एक मुकाबले में खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड आयरलैंड के खिलाड़ी सिमी सिंह और बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज के नाम पर था, जिसमें सिमी सिंह ने साल 2021 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 100 रनों की नाबाद पारी खेली थी, तो वहीं मेहदी हसन ने साल 2022 में भारतीय टीम के खिलाफ खेले गए वनडे मुकाबले में 100 रनों की नाबाद पारी खेली थी।

ये भी पढ़ें

हरमनप्रीत कौर ने मिताली राज को छोड़ा पीछे, वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बनी दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी

केपटाउन टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया को मिली गुड न्यूज, फिट होकर वापसी करने को तैयार स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।