यूपी में चुनाव आयोग की तरफ से चलाए गए विशेष अभियान में वोटर बनने के लिए 5 लाख 59 हजार 178 फॉर्म-6 आए हैं। आयोग की तरफ से पूरे यूपी में 17 और 24 अक्टूबर को स्पेशल कैंप लगाए थे। पहले दिन 17 अक्टूबर को 1 लाख 37 हजार 225 लोग वोटर बनने आए और 24 अक्टूबर को 4 लाख 21 हजार 953 फॉर्म 6 आए। अब इन सभी फॉर्म-6 की जांच होगी और सही लोगों का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ा जाएगा।
फर्स्ट टाइम वोटर पर भी है EC का फोकस
उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव है। उसके पहले चुनाव आयोग वोटर लिस्ट दुरुस्त करने में लगा है। यूपी में पिछले साल अक्टूबर में SIR के बाद दो करोड़ से ज्यादा वोटर कम हो गए हैं। चुनाव आयोग की तरफ से की गई स्पेशल ड्राइव, फर्स्ट टाइम वोटर के साथ-साथ ऐसे लोगों को जोड़ने के लिए चलाई गई जो किसी वजह से वोटर नहीं बन पाए।
इन जिलों में बने सबसे ज्यादा वोटर
चुनाव आयोग के मुताबिक, दो दिनों के कैंप में हाथरस, बाराबंकी, गाजीपुर, संभल, कौशांबी, मथुरा और अमेठी जिलों में कैंप में सबसे ज्यादा वोटर बने। जान लें कि 10 अप्रैल 2026 को यूपी में SIR के फाइनल वोटर लिस्ट जारी की गई थी। SIR के बाद यूपी में 2 करोड़ 5 लाख वोटर के नाम कट गए। एसआईआर प्रकिया शुरू होने के पहले यूपी में 15 करोड़ 44 लाख वोटर थे जो फाइनल वोटर लिस्ट में करीब 13 करोड़ 40 लाख रह गए। यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया था कि जनवरी में जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम कटे थे, उनमें से कुछ की मैपिंग नहीं हो पाई थी और कई को नोटिस जारी हुए थे। हालांकि, फिर जनवरी की ड्राफ्ट लिस्ट के मुकाबले फाइनल वोटर लिस्ट में करीब 84 लाख वोटर्स बढ़ गए थे।
वोटर लिस्ट में कैसे चेक करें अपना नाम
- सबसे पहले ECI की ऑफिशियल वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ या https://electoralsearch.in/ पर जाएं।
- वोटर लिस्ट या Electoral Roll सेक्शन में जाएं और Uttar Pradesh को सेलेक्ट करें।
- अब Roll Type में जाकर Final Roll 2026 या SIR Final Roll 2026 को सेलेक्ट करें।
- फिर अपना जिला, जैसे-लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, मऊ, आगरा को चुन लें।
- इसके बाद विधानसभा क्षेत्र और बूथ नंबर चुनें।
- फिर अपना नाम, पिता/पति का नाम और उम्र डालकर सर्च करें।
- इसके बाद आपके सामने PDF फॉर्मेट में पूरी लिस्ट आ जाएगी।
- इस पीडीएफ को आप जरूरत के हिसाब से डाउनलोड कर सकते हैं। पीडीएफ की सूची में अपना नाम ढूंढ सकते हैं।
ये भी पढ़ें- SIR के खिलाफ विपक्ष ने लखनऊ में छेड़ी जंग! राजेंद्र पाल गौतम बोले- जिन नामों से छेड़छाड़ हुई, उनमें ज्यादातर मुस्लिम