1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मां की तस्वीर दिखाकर बोला- 'मैं इन्हीं के पास जा रहा हूं', इकलौते बेटे ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली

मां की तस्वीर दिखाकर बोला- 'मैं इन्हीं के पास जा रहा हूं', इकलौते बेटे ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 25, 2026 08:01 pm IST,  Updated : Oct 25, 2026 08:01 pm IST

झांसी के गुरसराय में 19 साल के BA के छात्र लव की मौत के मामले ने सनसनी मचा दी है। लव ने खुद की जान देने से पहले अपने मोबाइल के कैमरे से वीडियो रिकॉर्ड किया और फिर पिता की पिस्टल से खुद को गोली मार ली।

Jhansi suicide case- India TV Hindi
झांसी में इकलौते बेटे ने खुद को पिता की पिस्टल से मारी गोली। Image Source : REPORTERS INPUT

यूपी के झांसी जिले में आज (रविवार को) 19 साल के बीए के छात्र की मौत से सनसनी फैल गई। छात्र ने घर के एक कमरे में खुद को बंद कर अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार ली। इसके बाद, परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस को छात्र के मोबाइल में एक वीडियो भी मिला है, जिसमें वह अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराते हुए अपनी मर्जी से यह कदम उठाने की बात कहता नजर आ रहा है।

14 साल पहले हुआ था लव की मां का निधन

मृतक की पहचान ग्राम सिंगार निवासी मुन्नालाल पटेल के 19 साल के इकलौते पुत्र लव पटेल के रूप में हुई है। वह बीए की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, लव की मां का करीब 14 साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद से वह अपने पिता के साथ रह रहा था।

मरने से पहले लव ने कही मां के पास जाने की बात

जानकारी के अनुसार, घटना से पहले लव ने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो बनाया था। इसमें वह कहता नजर आ रहा है कि उसने अपने माता-पिता को बहुत कष्ट दिए हैं और उसे लगता है कि आगे भी वह उन्हें कष्ट देता रहेगा। वीडियो में वह अपनी मां की तस्वीर दिखाते हुए उनके पास जाने की बात कहता है। साथ ही पैसों का जिक्र करते हुए कहता है कि उसे कुछ नहीं चाहिए। वह अपने दोस्तों, परिवार और रिश्तेदारों में से किसी को भी इस घटना के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराता है।

पिता की लाइसेंसी पिस्टल से लव ने खुद को मारी गोली

इसके बाद लव ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। क्षेत्राधिकारी गरौठा पीयूष कुमार पांडे ने बताया कि ग्राम सिंगार निवासी करीब 19 वर्षीय लव पटेल बीए का छात्र था। उसने घर के अंदर दरवाजा बंद करके अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार ली थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों से बातचीत में फिलहाल घटना का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई

सीओ के मुताबिक, मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस पंचायतनामा सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। इससे पहले, हाल ही में झांसी में कर्ज से परेशान युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया था। तब डायल 112 पुलिस ने छत तोड़कर उसकी जान बचाई थी।

(इनपुट- आकाश राठौर)

डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।

या

TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)

(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)

ये भी पढ़ें- कानपुर में सर्जन ने पूजा घर के सामने गोली मारकर की आत्महत्या, पत्नी से हुआ था विवाद; की थी दो शादियां

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।