1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. झांसी में कर्ज से परेशान युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास, डायल 112 पुलिस ने छत तोड़कर बचाई जान

झांसी में कर्ज से परेशान युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास, डायल 112 पुलिस ने छत तोड़कर बचाई जान

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Oct 13, 2026 10:17 am IST,  Updated : Oct 13, 2026 10:17 am IST

झांसी जिले के बरुआसागर थाना क्षेत्र के तिलैथा खुर्द गांव में 15 हजार रुपये के कर्ज से परेशान 26 साल के मुकेश रेंकवार ने आत्महत्या का प्रयास किया।

Jhansi- India TV Hindi
झांसी में कर्ज से परेशान युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास Image Source : REPORTER INPUT

महज 15 हजार रुपये का कर्ज एक परिवार के लिए ऐसी मुश्किल बन गया कि परेशान युवक ने अपनी जान देने की कोशिश की। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में हुई इस घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घर का मेन गेट बंद होने के कारण पुलिसकर्मियों ने छत की सीमेंट शीट तोड़कर अंदर जाने का रास्ता बनाया और युवक को बचाकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल युवक का झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

घटना बरुआसागर थाना क्षेत्र के तिलैथा खुर्द गांव की है। यहां रहने वाला 26 साल का मुकेश रेंकवार कथित तौर पर आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते तनाव में था। यही वजह है कि युवक ने तंग आकर खुदकुशी करने की कोशिश की। गनीमत ये रही कि पुलिस ने सही समय पर पहुंचकर युवक की जान बचा ली। मामले की जानकारी मिलने पर डायल 112 में तैनात उपनिरीक्षक हरिराम सिंह, पुष्पेंद्र कुमार और भूपेन्द्र यादव की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घर का मुख्य गेट बंद मिलने पर पुलिसकर्मियों ने देर किए बिना छत की सीमेंट शीट तोड़ी और अंदर दाखिल हुए। पुलिस ने युवक को फंदे से नीचे उतारा और उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरुआसागर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

15 हजार रुपये के कर्ज से परेशान था युवक

मुकेश के भाई धर्मेंद्र रैकवार के मुताबिक, उसका भाई करीब 15 हजार रुपये के कर्ज को लेकर परेशान चल रहा था। रविवार शाम मुकेश ने अपनी मां गणेशी रैकवार से पैसे मांगे थे, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह रकम का इंतजाम नहीं कर सकीं। इसके बाद मुकेश ने यह कदम उठा लिया।

दो साल की बेटी का पिता है मुकेश

मुकेश शादीशुदा है और उसकी दो साल की बेटी परी है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। समय पर सूचना मिलने और डायल 112 की टीम की त्वरित कार्रवाई से युवक को बचाकर अस्पताल पहुंचाया जा सका। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं।

(रिपोर्ट: आकाश राठौर)

यह भी पढ़ें:

लखनऊ से बड़ी खबर, होटल सेलेस्टियल ओमेक्स की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत, बॉयफ्रेंड फरार

छत से रस्सी के सहारे उतरा, 18 किलो चांदी बोरे में भरकर ले उड़ा चोर, CCTV में कैद; कानपुर कारखाने में बड़ी चोरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।