उत्तर प्रदेश के मथुरा के छाता क्षेत्र स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के 21 वर्षीय छात्र ने पीजी आवास के अपने कमरे में फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा सोमवार देर रात तब हुआ, जब मकान मालिक ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, छात्र की पहचान फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के बहादुरपुर सराय मुरलीधर गांव निवासी सरनाम सिंह के रूप में हुई है। मृतक छात्र छाता क्षेत्र के एक निजी विश्वविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था और गोवर्धन चौराहे के पास एक पीजी में किराए के कमरे में रहता था। शव की स्थिति को देखकर यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि छात्र ने यह कदम संभवतः रविवार को उठाया होगा।
नहीं बरामद हुआ है सुसाइड नोट
सोमवार को पूरा दिन कमरा बंद रहने और अंदर से कोई हलचल न होने पर मकान मालिक को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद रात करीब 10 बजे मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। पुलिस ने छात्र के शव को फंदे से लटका हुआ पाया।
पुलिस के मुताबिक, कमरे की तलाशी लेने पर फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। थाना प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
छात्र ने पसंद की जगह एडमिशन न मिलने पर दी जान
एक अन्य खबर में, महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 12वीं की परीक्षा में 95.7 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले एक मेधावी छात्र ने पसंद के संस्थान में एडमिशन न मिलने से आहत होकर अपनी इमारत की 22वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। घोड़बंदर रोड स्थित हीरानंदानी एस्टेट का रहने वाला यह नाबालिग छात्र शिबपुर के 'इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी' से बीएस-एमएस की डबल डिग्री करना चाहता था, लेकिन प्रवेश परीक्षा में 10,474वीं रैंक आने के कारण उसे वहां सीट नहीं मिल पाई, जिससे वह बेहद निराश था। शुक्रवार शाम साइकिल चलाने के बहाने घर से निकले छात्र ने परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप पर सुसाइड का मैसेज भेजने के बाद यह खौफनाक कदम उठाया, जिसके बाद पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।
या
TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)
ये भी पढ़ें-
2 घंटे फंसी रही एंबुलेंस, ट्रैक्टर से खींचकर निकाला; बदहाल सड़क ने छीन ली नवजात की जिंदगी
दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तानी संगठन ने स्पीकर को भेजा ईमेल