इंडियन प्रीमियर लीग के साल 2026 में खेले जाने वाले 20वें सीजन को लेकर मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव को लेकर कुछ दिन पहले बड़ा ऐलान करते हुए वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी कायरन पोलार्ड को नया हेड कोच नियुक्त किया था। पोलार्ड ने आईपीएल से रिटायरमेंट लेने के बाद भी कई दूसरी विदेशी टी20 लीग में अभी भी खेलना जारी रखा है, जिसमें उनको साउथ अफ्रीका में खेली जाने वाली SA20 के साल 2027 में 17 जनवरी से शुरू होने वाले सीजन में जोबर्ग सुपर किंग्स की तरफ से खेलना था जो चेन्नई सुपर किंग्स की साउथ अफ्रीकी सब्सिडियरी है। अब पोलार्ड ने मुंबई इंडियंस का हेड कोच बनने के बाद बड़ा फैसला लेते हुए जोबर्ग सुपर किंग्स की तरफ से नहीं खेलने का फैसला लिया है।
पोलार्ड ने जोबर्ग सुपर किंग्स मैनेजमेंट को अपना फैसला बताया
कायरन पोलार्ड को जोबर्ग सुपर किंग्स ने अक्टूबर महीने की शुरुआत में हुए प्लेयर ऑक्शन में 87.2 लाख रुपये में अपना हिस्सा बनाया था, जिसमें उनके पीली जर्सी पहनकर खेलने की पूरी उम्मीद की जा रही थी। हालांकि अब क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार कायरन पोलार्ड ने जोबर्ग सुपर किंग्स टीम मैनेजमेंट को बता दिया है कि वह आने वाले SA20 सीजन में उपलब्ध नहीं रहेंगे। पोलार्ड के इस फैसले की खबर सामने आने से पहले, मुंबई इंडियंस के एक सूत्र ने क्रिकबज को दिए बयान में बताया था कि यह पूरी तरह से पोलार्ड पर निर्भर है। हमने उन्हें कोई निर्देश नहीं दिया है। SA20 ऑक्शन में पोलार्ड के लिए बोली न लगाने के फैसले पर, मुंबई इंडियंस के एक सूत्र ने बताया था कि यह सब ऑक्शन के क्रम पर निर्भर था।
सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी के CEO काशी विश्वनाथन ने पोलार्ड के फैसले की पुष्टि की
जोबर्ग सुपर किंग्स की तरफ से कायरन पोलार्ड के आगामी SA20 सीजन में न खेलने के फैसले को लेकर CSK और सभी सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी के CEO काशी विश्वनाथन ने अपने बयान में पुष्टि करते हुए बताया कि पोलार्ड ने हमें बता दिया है कि वह जोबर्ग सुपर किंग्स के लिए नहीं खेल पाएंगे। अब हम उनके विकल्प की तलाश करेंगे। बता दें कि SA20 के पांचवें सीजन की शुरुआत साल 2027 में 17 जनवरी से होगी जबकि फाइनल मुकाबला 21 फरवरी को खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें