1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बाबर आजम बने पाकिस्तान की सबसे बड़ी टेंशन, 4 साल से नहीं आई टेस्ट सेंचुरी, फिर होंगे बाहर!

बाबर आजम बने पाकिस्तान की सबसे बड़ी टेंशन, 4 साल से नहीं आई टेस्ट सेंचुरी, फिर होंगे बाहर!

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Sep 10, 2026 11:26 am IST,  Updated : Sep 10, 2026 11:26 am IST

पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम का बल्ला खामोश है। पिछले करीब 4 साल से टेस्ट में उनका कोई शतक नहीं आया है। इंग्लैंड सीरीज के दौरान खेली गई अब तक की तीन पारियों में वे एक भी बार दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए हैं।

babar azam- India TV Hindi
बाबर आजम Image Source : AP

बा​बर आजम पाकिस्तान क्रिकेट के लिए सबसे बड़ी टेंशन बन गए हैं। पीसीबी के लिए वो ना तो लीलते बन रहे हैं ना ही उगलते ही बन रहे हैं। इंग्लैंड सीरीज के बीच में पाकिस्तान ने दो टेस्ट मैचों के बाद अचानक से सात खिलाड़ी बाहर कर दिए थे और नए प्लेयर्स की एंट्री हुई। उम्मीद की जा रही थी कि टीम आखिरी टेस्ट में कुछ खास करेगी, लेकिन ढाक के वही तीन पात। खुद बाबर आजम अभी तक इस सीरीज के दौरान रन नहीं बना पाए हैं। हाल ये है कि वे अब तक खेली गई तीन पारियों में से एक भी बार दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए हैं, इससे उनके टेस्ट औसत में भी जबरदस्त गिरावट हुई है। 

इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट की पहली पारी में केवल 133 रन बनाकर आउट हुई पाकिस्तानी टीम

पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस वक्त इंग्लैंड के दौरे पर है और तीन मैचों की सीरीज खेली जा रही है। पहले दो मैच हारकर टीम पहले ही सीरीज गवां चुकी है। अब उसके पास मौका था कि कम से कम आखिरी टेस्ट जीतकर इज्जत बचाई जाए, ​हालांकि अब इसकी भी उम्मीद खत्म होती नजर आ रही है। मैच की पहली पारी में पूरी टीम केवल 133 रन बनाकर ही आउट हो गई। कप्तान बाबर आजम 18 बॉल पर केवल सात रन बना सके और आउट हो गए। मजे की बात ये रही कि टीम के टॉप 5 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार करने में भी कामयाब नहीं हो पाए। केवल साउद शकील, रजाउल्ला और मोहम्मद अब्बास ही दो अंकों में रन बना सके।

पहले टेस्ट नहीं खेल पाए थे बाबर, वापसी के बाद भी नहीं बने रन

ऐसा नहीं है कि बाबर आजम इसी बार इतने छोटे स्कोर पर आउट हुए हों। चोटिल होने के कारण वे पहला मैच नहीं खेल पाए थे। इसके बाद जब वे दूसरे मैच में उतरे तो पहली पारी में आठ रन और दूसरी में केवल छह रन बनाकर आउट हो चुके हैं। यानी तीन पारियों में से एक भी बार वे दहाई में नहीं पहुंचे हैं। इससे उनका औसत भी गिर गया है। हालांकि सीरीज खत्म होने के बाद ही असली तस्वीर सामने आएगी। 

साल 2022 दिसंबर में बाबर ने लगाई थी आखिरी टेस्ट सेंचुरी

बाबर आजम ने अपनी आखिरी टेस्ट सेंचुरी दिसंबर 2022 में लगाई थी। तब कराची में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला हुआ था और बाबर ने पहली पारी में 161 रन बनाए थे। तब से लेकर अब तक करीब चार साल का वक्त बीत गया है, लेकिन शतक है कि आने का नाम ही नहीं ले रहा है। इतना ही नहीं, इस दौरान इक्का दुक्के मौकों पर ही उन्होंने अर्धशतक लगाया है। बाकी तो वे सस्ते में ही आउट होकर वापस पवेलियन लौटते रहे हैं। पिछले शतक से लेकर अब तक बाबर 39 टेस्ट पारियां खेल चुके हैं। ऐसे में इस बात की संभावना फिर से ब​न रही कि जल्द ही वे फिर टीम से बाहर हो जाएंगे।

यह भी पढ़ें 

इंग्लैंड में पाकिस्तान टीम की हुई घनघोर बेइज्जती, समझा गया शरणार्थियों का ग्रुप; होटल के बाहर जमा हुए प्रदर्शनकारी

"आप यहां खेलने के लायक नहीं"; पाकिस्तान की शर्मनाक बल्लेबाजी पर प्लेइंग 11 में शामिल खिलाड़ी का आया बड़ा बयान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल