1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. National Film Awards 2026 LIVE: कार्तिक आर्यन-ममूटी बने बेस्ट एक्टर, यामी गौतम बेस्ट एक्ट्रेस, अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार
  Live Now

National Film Awards 2026 LIVE: कार्तिक आर्यन-ममूटी बने बेस्ट एक्टर, यामी गौतम बेस्ट एक्ट्रेस, अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार

 Written By: Jaya Dwivedie
 Updated : Sep 22, 2026 06:14 pm IST

72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह आज, 22 सितंबर को गुजरात के केवड़िया में एकता नगर में हो रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2024 के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर रही हैं।

National Film Award- India TV Hindi
नेशनल फिल्म अवॉर्ड लाइव Image Source : YOUTUBE/DD NATIONAL

भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का 72वां समारोह आज, 22 सितंबर को गुजरात के एकता नगर, केवड़िया में आयोजित किया जा रहा है। इस खास समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विभिन्न श्रेणियों में चुने गए विजेताओं को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस वर्ष पुरस्कार वर्ष 2024 में रिलीज हुई फिल्मों के प्रदर्शन और योगदान के आधार पर दिए जा रहे हैं। समारोह की शुरुआत दोपहर 3 बजे होगी। इस बार का आयोजन कई मायनों में खास है, क्योंकि पहली बार नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का समारोह राजधानी नई दिल्ली से बाहर आयोजित किया जा रहा है। गुजरात में हो रहे इस आयोजन में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों, निर्देशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और अन्य विजेताओं की मौजूदगी देखने को मिलेगी।

72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में फीचर फिल्मों के साथ नॉन-फीचर फिल्मों और विभिन्न तकनीकी श्रेणियों में भी उत्कृष्ट काम करने वालों को सम्मानित किया जा रहा है। अलग-अलग भाषाओं और क्षेत्रों से आई फिल्मों को उनके रचनात्मक और तकनीकी योगदान के लिए पुरस्कार दिए जा रहे हैं। समारोह के दौरान विजेताओं के नाम, पुरस्कार हासिल करने वाली फिल्मों और मंच से जुड़ी खास झलकियां दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। इस लाइव ब्लॉग के जरिए समारोह से जुड़े ताजा अपडेट, विजेताओं की पूरी जानकारी और कार्यक्रम की महत्वपूर्ण झलकियां लगातार साझा की जा रही हैं। 

Latest Bollywood News

Live updates :National Film Awards 2026 LIVE

Auto Refresh
Refresh
  • 6:04 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को संबोधित किया

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को संबोधित किया, जिसमें भारतीय सिनेमा के योगदान का जश्न मनाया गया और फिल्म इंडस्ट्री के बेहतरीन टैलेंट को सम्मानित किया गया।

  • 5:41 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    अनंत नाग को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया

    दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को 22 सितंबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में 2024 के प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह पुरस्कार प्रदान किया और भारतीय सिनेमा में कई दशकों के करियर के दौरान नाग के उल्लेखनीय योगदान का सम्मान किया गया।

  • 5:37 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    रणदीप हुड्डा को 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' के लिए 'बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर' का अवॉर्ड मिला

    रणदीप हुड्डा को हिंदी फिल्म 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' के लिए 'बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ़ ए डायरेक्टर' के नेशनल फिल्म अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें स्वर्ण कमल और 3,00,000 रुपये का नकद पुरस्कार मिला।

  • 5:35 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    'आर्टिकल 370' को बेस्ट फीचर फिल्म का अवॉर्ड मिला

    'आर्टिकल 370' ने बेस्ट फीचर फिल्म का अवॉर्ड अपने नाम किया। इसके प्रोड्यूसर जियो स्टूडियोज़ और B62 स्टूडियोज़ के साथ-साथ डायरेक्टर आदित्य सुहास जांभले को स्वर्ण कमल और हर एक को 3,00,000 रुपये का नकद इनाम देकर सम्मानित किया गया।

  • 5:30 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    ममूटी को 'ब्रमायुगम' के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला

    ममूटी को मलयालम फ़िल्म 'ब्रमायुगम' में उनकी बेहतरीन एक्टिंग के लिए 'बेस्ट एक्टर इन ए लीडिंग रोल' के नेशनल फिल्म अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें गुजरात के एकता नगर में हुए 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड समारोह में सम्मानित किया गया।

  • 5:29 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    कार्तिक आर्यन ने 'बेस्ट एक्टर इन ए लीडिंग रोल' का अवॉर्ड जीता

    कार्तिक आर्यन को बायोपिक ड्रामा 'चंदू चैंपियन' में उनकी बेहतरीन एक्टिंग के लिए 'बेस्ट एक्टर इन ए लीडिंग रोल' के नेशनल फिल्म अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

  • 5:27 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    यामी गौतम को 'आर्टिकल 370' के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला

    यामी गौतम को हिंदी फिल्म 'आर्टिकल 370' में उनकी एक्टिंग के लिए 'बेस्ट एक्ट्रेस इन ए लीडिंग रोल' का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला। उन्हें गुजरात के एकता नगर में आयोजित 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स समारोह में 'रजत कमल' और 2,00,000 रुपये का नकद इनाम दिया गया।

  • 5:23 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    अंगु वाना कोनिलू के लिए वैकोम विजयालक्ष्मी को सम्मानित किया गया

    प्लेबैक सिंगर वैकोम विजयलक्ष्मी को मलयालम फिल्म एआरएम के गीत अंगु वाना कोनिलु के लिए बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

  • 5:15 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    'ब्रमायुगम' के लिए शेहनाद जलाल सम्मानित

    सिनेमैटोग्राफर शेहनाद जलाल को मलयालम फिल्म 'ब्रमायुगम' के लिए बेस्ट सिनेमैटोग्राफी का नेशनल फिल्म अवॉर्ड दिया गया। उन्हें यह सम्मान गुजरात के एकता नगर में आयोजित 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड समारोह में मिला।

  • 5:13 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    अभय जोधपुरकर को नवसाची गौरी माजी के लिए सम्मान

    प्लेबैक सिंगर अभय जोधपुरकर को मराठी फिल्म घरत गणपति के गीत नवासाची गौरी माजी के लिए सर्वश्रेष्ठ मेल प्लेबैक सिंगर के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

  • 5:11 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    'पुष्पा 2' के स्क्रीनप्ले के लिए सुकुमार सम्मानित

    72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में पटकथा लेखक बांद्रेद्दी सुकुमार को तेलुगु फिल्म 'पुष्पा: द रूल पार्ट 2' के लिए सर्वश्रेष्ठ पटकथा (ओरिजिनल) का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया। 'रजत कमल' और 2,00,000 रुपये का नकद पुरस्कार मिला।

  • 5:10 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    'लकी भास्कर' के लिए वेंकी अटुलरी सम्मानित

    डायलॉग राइटर वेंकी अटुलरी को दुलकर सलमान स्टारर तेलुगु फिल्म 'लकी भास्कर' के लिए बेस्ट स्क्रीनप्ले (डायलॉग) का नेशनल फिल्म अवॉर्ड दिया गया। 

  • 5:06 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    'स्त्री 2' के गाने 'आज की रात' के लिए विजय गांगुली सम्मानित

    कोरियोग्राफर विजय गांगुली को हिंदी फिल्म 'स्त्री 2' के गाने 'आज की रात' के लिए बेस्ट कोरियोग्राफी का नेशनल फिल्म अवॉर्ड दिया गया।

  • 5:05 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    'आर्टिकल 370' के लिए शाश्वत सचदेव सम्मानित

    म्यूजिक डायरेक्टर शाश्वत सचदेव को हिंदी फिल्म 'आर्टिकल 370' के लिए बेस्ट म्यूजिक डायरेक्शन (गाने) का नेशनल फिल्म अवॉर्ड दिया गया। उन्हें रजत कमल और 2,00,000 रुपये का नकद इनाम मिला।

  • 5:02 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    'चलचित्र Ekhon' ने बेस्ट बंगाली फिल्म का अवॉर्ड जीता

    बंगाली फिल्म 'चलचित्र Ekhon' ने 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट बंगाली फिल्म का अवॉर्ड जीता है। इस फिल्म को अंजन दत्त ने प्रोड्यूस और डायरेक्ट किया है।

  • 5:01 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    'जुईफूल' ने बेस्ट असमी फिल्म का अवॉर्ड जीता

    'जुईफूल' ने 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट असमी फिल्म का अवॉर्ड जीता है। इस फिल्म को जादुमोनी दत्ता ने प्रोड्यूस और डायरेक्ट किया है।

  • 4:53 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    राजकुमार राव स्टारर 'श्रीकांत' को बेस्ट हिंदी फिल्म का अवॉर्ड

    'श्रीकांत' ने 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट हिंदी फिल्म का अवॉर्ड जीता है। सुपर कैसेट्स इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड और चॉक एन चीज फ़िल्म्स प्रोडक्शन एलएलपी द्वारा प्रोड्यूस की गई और तुषार हीरानंदानी द्वारा निर्देशित इस फिल्म को रजत कमल मिला है।

  • 4:52 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    'मारन' ने बेस्ट गुजराती फिल्म का अवॉर्ड जीता

    गुजराती फिल्म 'मारन' ने 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट गुजराती फिल्म के अवॉर्ड से नवाजा गया।। सिनेमैन प्रोडक्शंस लिमिटेड द्वारा प्रोड्यूस इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक जैन ने किया है।

  • 4:49 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    मोग आसुम को बेस्ट कोंकणी फिल्म का पुरस्कार

    'मोग आसुम' (Mog Asum) ने 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट कोंकणी फिल्म का अवॉर्ड जीता। इस फिल्म को राधेश्याम पिपलवा और एग्नेलो एंजेलो ब्रागांज़ा ने डायरेक्ट किया है।

  • 4:47 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    मुक्कम पोस्ट बोम्बिलवाड़ी को सर्वश्रेष्ठ मराठी फिल्म का पुरस्कार

    'मुक्कम पोस्ट बोम्बिलवाड़ी' ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ मराठी फिल्म का पुरस्कार जीता है। विवेक फिल्म्स और मायासभा करमानुक मंडली एलएलपी द्वारा निर्मित और परेश मोकाशी द्वारा निर्देशित, फिल्म को रजत कमल प्राप्त हुआ।

  • 4:44 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    'लहरी' ने बेस्ट ओडिया फिल्म का अवॉर्ड जीता

    'लहरी' ने 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट ओडिया फिल्म का अवॉर्ड जीता है। झिलिक मोशन पिक्चर्स द्वारा प्रोड्यूस की गई और अमर्त्य भट्टाचार्य द्वारा निर्देशित इस फिल्म को सिल्वर लोटस मिला है।

  • 4:42 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    अश्‍व‍िनी वैष्‍णव ने किया अनंत नाग का स्वागत

    अश्‍व‍िनी वैष्‍णव ने अनंत नाग का स्वागत किया और मंच से कहा कि ये हमारे लिए और भारतीय सिनेमा के लिए सम्मान का दिन है। जिसके बाद दिग्गज अभिनेता ने खड़े होकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

  • 4:28 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    'काकोरी' ने बेस्ट बायोग्राफिकल, हिस्टोरिकल रिकंस्ट्रक्शन और कंपाइलेशन फिल्म का अवॉर्ड जीता

    KSR ब्रदर्स और मिंटी मिश्रा द्वारा प्रोड्यूस की गई हिंदी फिल्म 'काकोरी' ने बेस्ट बायोग्राफिकल / हिस्टोरिकल रिकंस्ट्रक्शन / कंपाइलेशन फिल्म का अवॉर्ड जीता है। कमलेश के. मिश्रा द्वारा निर्देशित इस फिल्म को सिल्वर लोटस मिला है।

  • 4:27 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    आनंद एल राय को सम्मान

    आनंद एल राय को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी- एकता के प्रतीक पर बनी डॉक्यूमेंट्री के लिए गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में 72वें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

  • 4:12 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    राष्ट्रगान के साथ शुरू हुआ समारोह

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुजरात के केवड़िया पहुंच चुकी हैं, जहां आज फिल्मी सितारों को नेशनल फिल्म अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का आगाज हुआ।

  • 3:58 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    पति आदित्य धर संग पहुंचीं यामी गौतम

    यामी गौतम को 'आर्टिकल 370' के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिलेगा, जिसके लिए वह अपने निर्देशक पति आदित्य धर के साथ गुजरात के केवडिया पहुंच गई हैं। रेड कार्पेट पर आदित्य धर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगले साल नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में 'धुरंधर' के बारे में बात होगी, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि आज का दिन 'आर्टिकल 370' के बारे में है। नेशनल अवॉर्ड जीतने पर यामी गौतम ने इस सम्मान को सबसे बड़ी पहचान बताया।

  • 3:31 PM (IST)
    Posted by Priya Shukla

    समारोह से पहले एक ही फ्रेम में नजर आए धनुष और कार्तिक आर्यन

    72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड सेरेमनी से पहले धनुष और कार्तिक आर्यन एक साथ नजर आए। कार्तिक को 'चंदू चैंपियन' के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला है, जबकि धनुष को 'कैप्टन मिलर' के लिए स्पेशल मेंशन मिला है।

  • 3:13 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    यामी गौतम ने कहा- यह सम्मान जिंदगीभर संजोकर रखूंगी

    यामी गौतम को फिल्म ‘आर्टिकल 370’ में शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला है। इस सम्मान के बाद यामी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपनी खुशी जाहिर की। यामी ने लिखा कि हर सफर में एक ऐसा पल जरूर आता है, जो याद दिलाता है कि आपने कभी हार क्यों नहीं मानी। उन्होंने कहा कि उनके लिए आज का दिन वही पल है। ‘आर्टिकल 370’ के लिए नेशनल अवॉर्ड मिलना उनके लिए ऐसा सम्मान है, जिसे वह पूरी जिंदगी संजोकर रखेंगी।

    एक्ट्रेस ने आगे कहा कि पिछले 14 सालों से उन्होंने अपने काम के प्रति ईमानदार रहने, अपनी कला के साथ सच्चा रहने और अपने अभिनय को खुद बोलने देने की कोशिश की है। उनके मुताबिक, यह सम्मान उम्मीद, लगन, संघर्ष और सिनेमा के प्रति उनके अटूट प्यार से भरे सफर का नतीजा है। यामी ने बताया कि नेशनल अवॉर्ड जीतना उनका ऐसा सपना था, जिसे उन्होंने कई वर्षों से अपने दिल में संजोकर रखा था। आज जब यह सपना पूरा हुआ है, तो वह इसे बेहद आभार और विनम्रता के साथ स्वीकार कर रही हैं।

    ‘आर्टिकल 370’ मेरे लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं थी

    यामी ने कहा कि ‘आर्टिकल 370’ उनके लिए सिर्फ एक और फिल्म नहीं थी। वह इस कहानी से गहराई से जुड़ी हुई थीं और उन्हें इस पर पूरा विश्वास था। उन्होंने बताया कि फिल्म उनके होम प्रोडक्शन का हिस्सा थी, इसलिए इस सम्मान का उनके लिए भावनात्मक और व्यक्तिगत महत्व और भी ज्यादा है। एक्ट्रेस के मुताबिक फिल्म के दौरान आने वाली हर चुनौती, हर बातचीत और सेट पर बिताया गया हर दिन एक ही उद्देश्य से जुड़ा था। इस कहानी को पूरी ईमानदारी और दृढ़ विश्वास के साथ दर्शकों तक पहुंचाना।

  • 3:12 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    अश्विनी वैष्णव ने दी थी कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी

    रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस बार नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का आयोजन गुजरात के एकता नगर में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेकर अब पुरस्कार समारोह को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक ले जाने की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि पहले नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का आयोजन एक कॉन्फ्रेंस रूम तक सीमित रहता था, लेकिन अब इसे देश के अलग-अलग पर्यटन स्थलों पर आयोजित करने की योजना है। इससे फिल्म जगत के कलाकारों, सिनेमैटोग्राफर्स और कैमरा प्रोफेशनल्स के साथ-साथ संबंधित पर्यटन स्थल को भी फायदा मिलेगा।

    अश्विनी वैष्णव ने कहा कि किसी पर्यटन स्थल पर समारोह आयोजित होने से वहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का एक नया स्वरूप सामने आएगा। इसी उद्देश्य से इस बार पहला समारोह एकता नगर में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सभी राज्यों से अपील की कि अगले नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के लिए अपने राज्य के किसी प्रमुख पर्यटन स्थल का नाम प्रस्तावित करें। साथ ही यह भी बताया जाए कि उस स्थल पर पर्यटन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए क्या-क्या काम किए जाएंगे। चयन होने पर अगले नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का आयोजन उसी राज्य के प्रस्तावित पर्यटन स्थल पर किया जाएगा।

  • 3:08 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    मामूटी ने कहा- चौथी बार सम्मान मिलना बेहद खास

    मामूटी ने नेशनल फिल्म अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिलने पर खुशी जाहिर की है। ‘ब्रह्मयुगम’ में शानदार अभिनय के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया गया है। यह इस श्रेणी में उनका चौथा नेशनल अवॉर्ड है। मामूटी ने कहा कि सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिलना उनके लिए बेहद खास पल है। उन्होंने इस सम्मान को गर्व और प्रोत्साहन का क्षण बताते हुए सभी का शुक्रिया अदा किया।

  • 2:45 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    रणदीप हुड्डा पहुंचे गुजरात

    72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के समारोह में शामिल होने के लिए अभिनेता रणदीप हुड्डा गुजरात पहुंच गए हैं। उन्होंने वडोदरा एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद अपनी खुशी जाहिर की। यह समारोह एकता नगर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की पृष्ठभूमि में आयोजित किया जा रहा है। रणदीप हुड्डा को उनकी बायोग्राफिकल फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला है। फिल्म में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाने के साथ निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभाली थी।

    गुजरात पहुंचने के बाद अभिनेता ने कहा कि यह उनका पहला नेशनल अवॉर्ड है और इस प्रतिष्ठित सम्मान का हिस्सा बनकर वह बेहद आभारी हैं। उन्होंने राष्ट्रीय पुरस्कारों से जुड़ी इस उपलब्धि को अपने लिए खास अनुभव बताया। रणदीप हुड्डा मंगलवार को होने वाले 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स समारोह में शामिल होंगे, जहां विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

  • 2:42 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    कब और कहां देखें नेशनल फिल्म अवॉर्ड

    इस साल 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का आयोजन पहली बार दिल्ली से बाहर किया जा रहा है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का समारोह मंगलवार, 22 सितंबर को गुजरात के एकता नगर, केवड़िया में आयोजित होगा। खास बात यह है कि कार्यक्रम स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की पृष्ठभूमि में होगा। अवार्ड समारोह की शुरुआत 22 सितंबर को दोपहर 3 बजे से होगी। समारोह में अलग-अलग श्रेणियों में चुने गए विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। पहली बार राजधानी से बाहर आयोजित हो रहे इस समारोह को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में भी खास उत्साह है।

    जो दर्शक समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे, वे इसे ऑनलाइन देख सकते हैं। डीडी नेशनल अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर दोपहर 3 बजे से समारोह का लाइव प्रसारण करेगा। ऐसे में दर्शक घर बैठे राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के इस खास आयोजन और विजेताओं को सम्मानित किए जाने के पलों को देख सकेंगे।

  • 2:37 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में इन सितारों का जलवा

    72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में यामी गौतम को फिल्म ‘आर्टिकल 370’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया है। वहीं, आदित्य सुहास जांभले के निर्देशन में बनी ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है। फिल्म में यामी गौतम और प्रियामणि ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं।

    नाग अश्विन के निर्देशन में बनी ‘कल्कि 2898 एडी’ को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार मिला है, जो संपूर्ण मनोरंजन प्रदान करती है। फिल्म में प्रभास, दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन और कमल हासन प्रमुख भूमिकाओं में हैं। ‘अमरन’ के लिए राजकुमार पेरियासामी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सम्मान दिया गया है। शिवकार्तिकेयन और साई पल्लवी स्टारर यह फिल्म मेजर मुकुंद वरदराजन के जीवन पर आधारित है।

    दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को वर्ष 2024 के लिए दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। भारतीय सिनेमा में पांच दशक से ज्यादा लंबे उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया जा रहा है। रणदीप हुड्डा को ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार मिला है। इस फिल्म में उन्होंने निर्देशन के साथ मुख्य भूमिका भी निभाई थी। क्षेत्रीय फिल्मों की बात करें तो ‘श्रीकांत’ को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म चुना गया है। वहीं, ‘रायन’ ने सर्वश्रेष्ठ तमिल फिल्म का पुरस्कार जीता। ‘फेमिनिची फातिमा’ को सर्वश्रेष्ठ मलयालम फिल्म और ‘कमेटी कुर्रोल्लू’ को सर्वश्रेष्ठ तेलुगु फिल्म का सम्मान मिला है।

  • 2:35 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    कार्तिक आर्यन पहुंचे गुजरात, पहली बार नेशनल अवॉर्ड मिलने पर जाहिर की खुशी

    कार्तिक आर्यन मंगलवार को गुजरात के केवड़िया पहुंचे और उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा किया। इस दौरान अभिनेता ने ‘चंदू चैंपियन’ के लिए अपना पहला नेशनल अवॉर्ड मिलने को लेकर खुशी जाहिर की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कार्तिक ने कहा कि ‘चंदू चैंपियन’ के लिए पहला राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना उनके और उनके परिवार के लिए बेहद खास पल है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से उनका पूरा परिवार बेहद खुश है और फिल्म की पूरी टीम भी इसे लेकर उत्साहित है।

    अभिनेता ने फिल्म के सफर को याद करते हुए कहा कि ‘चंदू चैंपियन’ के साथ शुरू हुई यात्रा और जिस तरह इस फिल्म ने लोगों को प्रेरित किया, वह उनके लिए बेहद मायने रखता है। खास तौर पर पैरालंपियनों से जुड़ी प्रेरणादायक कहानी को दर्शकों तक पहुंचाना उनके लिए गर्व की बात रही। उन्होंने पुरस्कार के लिए ज्यूरी और देशभर के दर्शकों का आभार जताया। कार्तिक आर्यन को ‘चंदू चैंपियन’ में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। इस श्रेणी में उन्होंने यह सम्मान मलयालम अभिनेता मामूटी के साथ साझा किया है। मामूटी को मलयालम हॉरर-थ्रिलर फिल्म ‘ब्रह्मयुगम’ में उनके प्रदर्शन के लिए यह पुरस्कार दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन