1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'Hanu-Man' फेम तेजा सज्जा विदेशी गर्लफ्रेंड संग करेंगे सगाई, जोरों पर है तैयारी, CM रेवंत रेड्डी को दिया न्योता

'Hanu-Man' फेम तेजा सज्जा विदेशी गर्लफ्रेंड संग करेंगे सगाई, जोरों पर है तैयारी, CM रेवंत रेड्डी को दिया न्योता

 Written By: Priya Shukla
 Published : Nov 07, 2026 06:43 pm IST,  Updated : Nov 07, 2026 06:43 pm IST

2024 की ब्लॉकबस्टर 'हनु-मैन' के अभिनेता तेजा सज्जा जल्दी ही अपनी अमेरिकी गर्लफ्रेंड के साथ सगाई करने जा रहे हैं। तेजा सज्जा ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को भी अपनी सगाई में आमंत्रित किया है।

teja sajja- India TV Hindi
तेजा सज्जा। Image Source : INSTAGRAM/@TEJASAJJA123

तेलुगु अभिनेता तेजा सज्जा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर इन दिनों खासे सुर्खियों में हैं। लंबे समय से उनकी सगाई और विदेशी गर्लफ्रेंड की चर्चाएं जोरों पर हैं और अब एक्टर की सगाई की खबरों पर मुहर लग चुकी है। हाल ही में तेजा सज्जा तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात की और उन्हें अपनी सगाई समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी सामने आई हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से तेजा सज्जा की सीएम रेवंत रेड्डी के साथ मुलाकात की तस्वीरें शेयर की गई हैं। अभिनेता ने  मरी चन्ना रेड्डी मानव संसाधन विकास संस्थान (MCRHRD) में सीएम रेवंत रेड्डी से मुलाकात की और उन्हें अपनी सगाई का न्योता दिया।

तेजा सज्जा ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री को अपनी सगाई में आमंत्रित किया

रेवंत रेड्डी ने तेजा सज्जा के साथ अपनी मुलाकात और इन्विटेशन कार्ड देते हुए अपनी एक तस्वीर X (पहले ट्विटर) पर साझा की, जिससे उनकी मुलाकात और अभिनेता की आगामी सगाई की पुष्टि हुई। उन्होंने पोस्ट के साथ लिखा, 'अभिनेता तेजा सज्जा ने सम्मानपूर्वक मुलाकात की। उन्होंने मुझे अपनी सगाई समारोह में आमंत्रित किया है।' जैसे ही तेजा सज्जा के फैंस की नजरों में ये पोस्ट आया, उनके फैन खुशी से झूम उठे और कमेंट करते हुए उन्हें जिंदगी की नई शुरुआत के लिए बधाई देने लगे। तेजा ने मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया है, लेकिन इंगेजमेंट सेरेमनी की डेट और वेन्यू जैसी जानकारियों की घोषणा अभी बाकी है।

तेजा सज्जा की पार्टनर कौन हैं?

हाल ही में, तेजा सज्जा ने अपनी मंगेतर के बारे में कुछ खुलासे किए थे, लेकिन अब भी उन्होंने अपनी होने वाली मंगेतर को लोगों की नजरों से दूर ही रखा है। 'डेक्कन क्रॉनिकल' को दिए एक इंटरव्यू में, एक्टर ने बताया था कि उनकी मंगेतर अमेरिका में रहती हैं और अपने पिता के साथ टेक्नोलॉजी सेक्टर में काम करती हैं। उनकी इस बात से साफ होता है कि उनकी होने वाली मंगेतर एंटरटेनमेंट की दुनिया से नहीं हैं। तेजा ने उन्हें लाइमलाइट से दूर रखने के अपने फैसले पर बात करते हुए कहा, 'उनकी परवरिश अमेरिका में हुई है और वे लाइमलाइट से पूरी तरह अनजान हैं। मुझे यही बात सबसे अच्छी लगी और मैं इसे ऐसे ही बनाए रखना चाहता हूं। उनके परिवार का फिल्मों से कोई लेना-देना नहीं है। वे टेक इंडस्ट्री से जुड़े हैं और वह अपने पिता के साथ काम करती हैं।'

तेजा सज्जा का फिल्मी करियर और लेटेस्ट प्रोजेक्ट

तेजा सज्जा के करियर की बात करें तो वह एक्शन-एडवेंचर ड्रामा 'मिराई' और 'ज़ोंबी रेड्डी' जैसी फिल्मों का भी हिस्सा रहे हैं और उन्हें 2024 में रिलीज हुई तेलुगु की सुपरहीरो फिल्म 'हनु-मैन' से लोकप्रियता मिली, जिसका निर्देशन प्रशांत नील ने किया है। अभिनय के अलावा, तेजा सज्जा रियलिटी सीरीज द ट्रैटर्स के तेलुगु वर्जन को भी होस्ट कर रहे हैं। इस शो में अलग-अलग पृष्ठभूमि से 20 मशहूर हस्तियां शामिल हुईं। तेजा सज्जा को मनोरंजन उद्योग में उनके काम के लिए तीन SIIMA पुरस्कार और एक फिल्मफेयर पुरस्कार मिला है।

ये भी पढ़ेंः 'मंदोदरी' अवतार में काजल अग्रवाल का राजसी ठाठ, शेयर की 'रामायण' के सेट से बीटीए फोटोज, कही दिल की बात

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।