इस अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी के लिए लगी मोटी बोली, चार बॉल पर ले चुका है 4 विकेट
आईपीएल नीलामी के दौरान दिल्ली कैपिटल्स ने जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी को मोटी कीमत देकर अपने पाले में करने में कामयाबी हासिल कर ली।

अनकैप्ड वे खिलाड़ी होते हैं, जिन्होंने अभी तक कोई इंटरनेशनल मैच ना खेला हो। ऐसे खिलाड़ियों की आईपीएल ऑक्शन में खूब डिमांड रहती है। ये अनजाने से खिलाड़ी कई बार मोटी कीमत पर बिक जाते हैं। ऐसा ही कुछ हुआ औकिब नबी के साथ। जब उनका नाम नीलामी के दौरान पुकारा गया तो कई टीमें उन्हें अपने पाले में करने के लिए उत्सुक थीं, लेकिन आखिर में दिल्ली कैपिटल्स ने बाजी मारी और उन्हें मोटी रकम में अपने साथ कर लिया।
जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज हैं औकिब नबी
जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी 30 लाख के बेस प्राइज में नीलामी में आए थे। लेकिन जैसे ही उनका नाम पुकारा गया, कई टीमों ने उन पर बोली लगानी शुरू कर दी। दरअसल उनको अपने पाले में करने की बड़ी वजह ये रही कि दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में उन्होंने कई विकेट लिए हैं। नई गेंद के साथ औकिब नबी अच्छी स्विंग कराते हैं। दलीप ट्रॉफी में उन्होंने नार्थ जोन बनाम ईस्ट जोन मैच में चार बॉल पर चार विकेट लेने में कामयाबी हासिल की थी।
अरुण जेटली स्टेडियम में खेलेंगे औकिब नबी
इस साल जब औकिब नबी जम्मू कश्मीर बनाम दिल्ली मैच में खेलने के लिए उतरे थे, तब उन्होंने 35 रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए थे। औकिब नबी केवल शुरुआत में ही नहीं, बल्कि डेथ ओवर्स में भी कमाल की गेंदबाजी करते हैं। यार्कर का वे खूब इस्तेमाल करते हैं। अब वे अरुण जेटली स्टेडियम में ही अपनी टीम दिल्ली के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। वे यहां अच्छी गेंदबाजी कर सकते हैं।
30 लाख से शुरू हुई बोली आठ करोड़ 20 लाख तक गई
औकिब नबी का नाम जब 30 लाख रुपये में पुकारा गया तो सबसे पहले दिल्ली ने ही उन पर बोली लगाई। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स की टीम भी मैदान में आई। दोनों टीमों के बीच जमकर जंग हुई। इसके बाद जब कीमत एक करोड़ तक चली गई तो आरसीबी ने भी दांव खेला। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम भी इस लड़ाई में आ गई। टीमें आती रही और जाती रहीं, लेकिन दिल्ली की टीम हर हाल में औकिब को अपने पाले में करने की ठान चुकी थी। सनराइजर्स हैदराबाद ने आठ करोड़ 20 लाख की बोली लगाई, लेकिन 8 करोड़ 40 लाख की बोली दिल्ली ने लगा दी। इसके बाद एसआरएच ने अपने कदम पीछे खींच लिए।
पहली बार आईपीएल खेलेंगे औकिब नबी
दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपये में औकिब नबी को अपने साथ जोड़ने का काम किया है। औकिब पहली बार आईपीएल खेलते हुए नजर आएंगे। उम्मीद की जानी चाहिए कि जम्मू कश्मीर का ये तेज गेंदबाज जरूर अगले साल के आईपीएल में बेहतरीन गेंदबाजी कर अपनी पहचान बनाने का काम करेगा।
यह भी पढ़ें
आईपीएल ऑक्शन में इस खिलाड़ी का सबसे ज्यादा नुकसान, अचानक गिर गई भारी कीमत
कैमरन ग्रीन के लिए इन टीमों के बीच जबरदस्त भिड़ंत, आखिर में बना दिया ऑक्शन का नया कीर्तिमान