1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2025 में RCB के प्रदर्शन से गदगद हुआ ये पूर्व दिग्गज, टीम को लेकर कह दी बड़ी बात

IPL 2025 में RCB के प्रदर्शन से गदगद हुआ ये पूर्व दिग्गज, टीम को लेकर कह दी बड़ी बात

IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शानदार शुरुआत को देखते हुए एबी डिविलियर्स का मानना है कि इस बार टीम पिछले सत्रों की तुलना में दस गुना बेहतर लग रही है।

RCB- India TV Hindi
Image Source : PTI रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की है। टीम ने अपने पहले मैच में डिफेंडिंग कोलकाता नाइट राइडर्स को हराया और इसके बाद चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ एक और शानदार जीत दर्ज की। RCB की शानदार प्रदर्शन को देखने के बाद इस वक्त हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। इसी बीच टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एबी डिविलियर्स का मानना है कि पिछले सीजन की तुलना में इस बार टीम संतुलित नजर आ रही है।

RCB टीम को लेकर एबी डिविलियर्स ने कही बड़ी बात

रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने चेन्नई सुपर किंग्स को चेपॉक में 17 साल के बाद हराया। RCB के लिए 11 सीजन खेल चुके डिविलियर्स ने अपने पॉडकास्ट ‘एबी डिविलियर्स 360’ में कहा, इस बार आरसीबी टीम का संतुलन पिछले सीजन की तुलना में दस गुना बेहतर है। डिविलियर्स ने कहा, पिछले साल आईपीएल नीलामी के समय उन्होंने कहा था कि आरसीबी को संतुलित टीम की जरूरत है। यह गेंदबाजों, बल्लेबाजों या फील्डर्स को लेकर नहीं था। यह आईपीएल टीमों और विकल्पों में अच्छे संतुलन को लेकर था।

RCB के पास इस संतुलित टीम है

डिविलियर्स ने आगे कहा, उन्होंने भुवनेश्वर कुमार को देखा तो उन्हें लगा कि वह नहीं खेल रहा है और फिर दूसरे मैच में वह टीम में था। आपको यही तो चाहिए। पहले मैच में (केकेआर के खिलाफ) वह टीम में नहीं था और दूसरे मैच में वह किसी और की जगह टीम में था। यही वह संतुलन और गहराई है जो किसी टीम को चाहिए होती है। पूर्व अफ्रीकी खिलाड़ी ने आगे कहा, आरसीबी की यह टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ शुरूआत है। नतीजों के नजरिये से ही नहीं बल्कि टीम को देखकर भी उन्हें ऐसा लग रहा है। केकेआर को उसके घर पर हराना और फिर चेन्नई को चेपॉक में मात देना बड़ी बात है। अब इससे आगे RCB के लिए पॉइंट्स टेबल में राह आसान हो जाएगी।

अगला मुकाबला अपने घर पर खेलेगी RCB

दो मैचों में लगातार दो जीत दर्ज करने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु की टीम का कॉन्फिडेंस इस वक्त सातवें आसमान पर है। उनके लिए सबसे खास बात ये है कि दोनों ही जीत उन्हें घर के बाहर मिली है। RCB को अब अपना अगला मुकाबला 02 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलना है। यह मैच RCB अपने होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी।

यह भी पढ़ें

टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए रोहित शर्मा ने रखी ये खास डिमांड, इस बयान से जीत लिया सभी का दिल

DC vs SRH: अक्षर की DC के सामने होगी कमिंस की SRH, कैसा है दोनों का हेड टू रिकॉर्ड, किसका पलड़ा है भारी

 

Latest Cricket News