1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अभिषेक शर्मा ने किया बड़ा कारनामा, एक साथ कर ली रोहित और विराट की बराबरी

अभिषेक शर्मा ने किया बड़ा कारनामा, एक साथ कर ली रोहित और विराट की बराबरी

श्रीलंका के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा ने जबरदस्त बैटिंग की। इस मुकाबले में वह 31 गेंदों में 61 रन बनाकर आउट हुए।

Abhishek Sharma- India TV Hindi
Image Source : AP अभिषेक शर्मा

एशिया कप 2025 के आखिरी सुपर-4 मैच में श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा ने जबरदस्त बल्लेबाजी की। वह 31 गेंदों में 8 चौके और दो छक्के की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस अर्धशतकीय पारी के साथ ही उन्होंने एक खास मामले में विराट कोहली और रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है। यह इस टूर्नामेंट में अभिषेक शर्मा के लिए लगातार तीसरा अर्धशतक था।

अभिषेक शर्मा ने इस मामले में की विराट की बराबरी

अभिषेक शर्मा टी-20 इंटरनेशनल में लगातार तीन मैचों में तीन अर्धशतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले ये कारनामा भारत के लिए विराट कोहली ने किया था। वह भी लगातार तीन टी-20 इंटरनेशनल मैचों में तीन अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे थे। वहीं केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने ये कारनामा दो बार किया था। अब अगर अगले मैच में अभिषेक शर्मा अर्धशतक लगाते हैं तो इस मामले में वह विराट कोहली से आगे निकल जाएंगे।

रोहित शर्मा के बराबर पहुंचे अभिषेक

इसके साथ ही उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल में लगातार 7 पारियों में 30+ रनों की पारी खेलने के मामले में रोहित शर्मा और मोहम्मद रिजवान की बराबरी पर ली है। मोहम्मद रिजवान ने ये कारनामा 2021 में किया था, वहीं रोहित ने ये कारनामा 2021-22 में किया था। वहीं अब अभिषेक शर्मा ने 2025 में लगातार 7 पारियों में 30 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं। अगले मैच में उनके पास इन दोनों प्लेयर्स के इस रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका होगा।

एशिया कप 2025 में शानदार अंदाज में बैटिंग कर रहे हैं अभिषेक

एशिया कप 2025 में अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन को लेकर बात करें तो वहां उन्होंने अब तक 6 मैचों की 6 पारियों में 51.50 के औसत से 309 रन बनाए हैं। वह टी-20 एशिया कप के एक संस्करण में 300+ रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ये सभी रन 204 से अधिक की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। उनके पास पिछले तीन मैचों में शतक लगाने का मौका था लेकिन वह ऐसा करने में नाकाम रहे। अभिषेक अब पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में भी इसी प्रदर्शन को जारी रखना चाहेंगे।

पांच मैच जीत चुकी है टीम इंडिया

टीम इंडिया एशिया कप 2025 में लगातार पांच मैच जीतकर फाइनल में पहुंच चुकी हैं। वहां उनका सामना पाकिस्तान से होगा। दोनों टीमों के बीच ये फाइनल मुकाबाला 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान के बीच इस एशिया कप में दो मैच खेले जा चुके हैं और दोनों ही मौकों पर भारत ने बाजी मारी है। अब फाइनल में टीम इंडिया एक बार फिर पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम करना चाहेगी।

यह भी पढ़ें

IND vs PAK: भारत बनाम पाकिस्तान मैच से पहले झटका, सूर्यकुमार यादव को ICC ने सुनाई कड़ी सजा

टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन, शुभमन गिल का फ्लॉप शो जारी, श्रीलंका के खिलाफ भी नहीं चला बल्ला

Latest Cricket News