दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप 2025 का आखिरी ग्रुप स्टेज मैच खेला जा रहा है। इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया है। भारत की तरफ से इस मैच में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग के लिए। इस मैच में भारतीय फैंस शुभमन गिल के बल्ले से एक बड़ी पारी की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन वह सिर्फ चार रन बनाकर चलते बने।
श्रीलंका के खिलाफ फ्लॉप रहे गिल
श्रीलंका के खिलाफ मैच में शुभमन गिल तीन गेंदों में एक चौके की मदद से 4 रन बनाकर आउट हुए। महेश तीक्ष्णा ने अपनी ही गेंद पर डाइव लगाते हुए एक बेहतरीन कैच लपका। दूसरे ओवर की तीसरी गेंद तीक्ष्णा ने फुल लेंथ पर डाली थी। इस गेंद पर गिल ने ड्राइव लगाने की कोशिश की, उन्होंने इस शॉट को अच्छे से टाइम भी किया था। लेकिन तीक्ष्णा ने डाइव लगाते हुए बेहतरीन कैच पकड़ा। टी-20 इंटरनेशनल में वह दूसरी बार तीक्ष्णा की गेंद पर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने तीक्ष्णा के खिलाफ 10 गेंदों में 10 रन बनाए हैं।
एशिया कप में नहीं चला है शुभमन गिल का बल्ला
एशिया कप 2025 में शुभमन गिल का फॉर्म टीम इंडिया के लिए चिंता का सबब बनते जा रहा है। वह इस टूर्नामेंट में अब तक एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं। इस एशिया कप में उनका हाईएस्ट स्कोर 47 रन का है जो उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 मैच में बनाया था। एशिया कप 2025 में शुभमन गिल के प्रदर्शन को लेकर बात करें तो वह ओपनिंग में अबतक कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं। छह मैचों में उन्होंने सिर्फ 23.00 के औसत से 115 रन बनाए हैं। उन्हें अधिकतर मैचों में अच्छी शुरुआत मिली है लेकिन उसे वो बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए हैं। ऐसे में फाइनल मैच से पहले उनके इस खराब फॉर्म ने टीम मैनेजमेंट की टेंशन बढ़ा दी है। अब फाइनल में वह बड़ी पारी खेलकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाना चाहेंगे।
फाइनल में पहुंच चुकी है टीम इंडिया
भारत की टीम एशिया कप 2025 के फाइनल में पहुंच चुकी हैं। वहां उनका सामना पाकिस्तान से होगा। दोनों टीमों के बीच ये फाइनल मैच 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान के बीच इस एशिया कप में दो मैच खेले जा चुके हैं और दोनों ही मौकों पर भारत ने बाजी मारी है। जिस तरह का प्रदर्शन इस एशिया कप में टीम इंडिया कर रही है उसको देखकर ऐसा लग रहा है कि फाइनल में भी वह पाकिस्तान को आसानी से हरा देंगे।
IND vs SL: दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती
श्रीलंका: पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा, चरिथ असलंका (कप्तान), कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका, वानिंदु हसरंगा, जनिथ लियानगे, दुष्मंथा चमीरा, महीश थीक्षाना, नुवान तुषारा
यह भी पढ़ें
IND vs PAK: भारत बनाम पाकिस्तान मैच से पहले झटका, सूर्यकुमार यादव को ICC ने सुनाई कड़ी सजा
IND vs SL: सूर्यकुमार यादव का बड़ा फैसला, बुमराह सहित एक और प्लेयर को किया प्लेइंग XI से बाहर