भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला 19 दिसंबर की शाम को 7 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में टीम इंडिया के आक्रामक ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पास इतिहास रचने का मौका होगा जिसमें वह विराट कोहली के 9 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। अभिषेक का बल्ला अभी तक इस टी20 सीरीज में उम्मीद के अनुसार चलता देखने को नहीं मिला है, ऐसे में उनसे अहमदाबाद में खेले जाने वाले आखिरी टी20 मुकाबले में बड़ी पारी की उम्मीद सभी को है। यदि अभिषेक ऐसा करने में कामयाब होते हैं तो वह आसानी से कोहली के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर देंगे।
अभिषेक को बनाने होंगे सिर्फ 47 रन
भारतीय खिलाड़ी के तौर पर टी20 क्रिकेट में एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम पर है जो उन्होंने साल 2016 में बनाया था। उसके बाद से अब तक कोई भी दूसरा भारतीय खिलाड़ी उनके रिकॉर्ड को तोड़ने के इतने करीब नहीं पहुंचा जितना अभी अभिषेक शर्मा हैं। साल 2025 में टी20 क्रिकेट में अभिषेक का शानदार प्रदर्शन बल्ले से देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने 40 मैचों की 39 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 203.10 के औसत से 1568 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से तीन शतकीय और 9 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं। वहीं अभिषेक अभी कोहली के 9 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ 47 रन दूर हैं। कोहली ने साल 2016 में टी20 क्रिकेट में कुल 1614 रन बनाए थे। बता दें कि एक साल में टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विंडीज खिलाड़ी निकोलस पूरन के नाम पर है जिन्होंने साल 2024 में कुल 2331 रन बनाए थे।
टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में हो सकता है बदलाव
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में बदलाव देखने को मिल सकता है। दरअसल शुभमन गिल चौथे टी20 मैच से ठीक पहले चोटिल हो गए थे, जिसके बाद पांचवें मुकाबले में उनके खेलने पर संशय बना हुआ है। वहीं इसके अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी प्लेइंग 11 में वापसी देखने को मिलेगी।
ये भी पढ़ें
टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम का हो गया ऐलान, इस खिलाड़ी को सौंपी कमान
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए कब होगा टीम इंडिया का ऐलान, भारत के पास केवल इतने ही मुकाबले
Latest Cricket News