1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AUS: टीम इंडिया के इस खिलाड़ी ने जीता प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड, बल्ले से दिखाया बेहतरीन फॉर्म

IND vs AUS: टीम इंडिया के इस खिलाड़ी ने जीता प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड, बल्ले से दिखाया बेहतरीन फॉर्म

IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली गई 5 मैचों की टी20 सीरीज को टीम इंडिया 2-1 से अपने नाम करने में कामयाब रही। वहीं इस सीरीज में टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड दिया गया है।

Abhishek Sharma And Shubman Gill- India TV Hindi
Image Source : AP अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में खेला गया, जो बारिश के चलते रद्द हो गया। इस मैच में टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी, जिसमें 4.5 ओवर्स के बाद खेल को बारिश शुरू होने की वजह से रोक दिया गया था और फिर दुबारा मैच शुरू नहीं हो सका। इसी के साथ टीम इंडिया ने ये सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। वहीं 5 मैचों की इस टी20 सीरीज में भारतीय टीम के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला, जिसके बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड दिया गया। इससे पहले अभिषेक को एशिया कप 2025 में भी उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया था।

मुझे इस सीरीज का इंतजार था

अभिषेक शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीतने के बाद दिए अपने बयान में कहा कि मुझे इस सीरीज का काफी बेसब्री से इंतजार था, क्योंकि जब मुझे पता चला कि मैं सीरीज खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया जा रहा हूं तो मैं उसके लिए काफी उत्साहित था। मैंने पहले भी कहा है कि मुझे बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच होने वाली जंग हमेशा पसंद आती है। यहां की पिच बल्लेबाजी करने के लिए काफी अच्छी हैं, जिसमें हमें इस सीरीज में और भी बड़े स्कोर बनाने चाहिए थे, लेकिन फिर भी हमने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। जोश हेजलवुड ने काफी अच्छी गेंदबाजी की और मुझे उनका सामना करना काफी शानदार लगा क्योंकि वह एक वर्ल्ड क्लास गेंदबाज हैं। अगर आपको अच्छा क्रिकेट खेलना है और लगातार बेहतर प्रदर्शन करना है तो आपको इस तरह के गेंदबाजों का सामना करने के लिए खुद को तैयार रखना होगा।

वर्ल्ड कप में खेलना सपने के सच होने जैसा

टीम इंडिया को अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले अब सिर्फ 2 और सीरीज खेलनी है जो घर पर ही हैं। वहीं अभिषेक ने वर्ल्ड कप को लेकर भी अपने बयान में जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा कि अगर मैं वर्ल्ड कप में खेलता हूं तो ये मेरे लिए सपने के सच होने जैसा होगा क्योंकि मैंने बचपन से यही सपना देखा है कि वर्ल्ड कप जीतना है। मैं ये सुनिश्चित करूंगा कि मैं खुद को इस बड़े टूर्नामेंट के लिए तैयार रखूं।

ये भी पढ़ें

अभिषेक शर्मा ने वर्ल्ड रिकॉर्ड किया अपने नाम, 1000 रनों का आंकड़ा पूरा करते ही रचा कीर्तिमान

एशिया कप ट्रॉफी को लेकर जल्द सुलझ सकता है पूरा मामला, BCCI सचिव का आया बड़ा बयान

Latest Cricket News