इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जा रही है। टी20 वर्ल्ड कप से पहले दोनों टीमें इस सीरीज के जरिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है। सीरीज का दूसरा मैच पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल रशीद अपनी गेंदबाजी में कमाल करते हुए एक बेहद ही खास रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। गौरतलब है कि आदिल रशीद के पास वो कारनामा करने का मौका है जो कि इंग्लैंड के लिए अब तक कोई भी गेंदबाज नहीं कर पाया है।
टी20 इंटरनेशनल में 150 विकेट पूरे कर सकते हैं आदिल रशीद
37 साल के लेग स्पिनर आदिल रशीद टी20 इंटरनेशनल में अब तक इंग्लैंड के लिए 135 मैचों की 128 पारियों में 148 विकेट हासिल कर चुके हैं। अगर वो दूसरे टी20 मुकाबले में दो विकेट और चटकाते हैं तो वो T20I में अपने 150 विकेट पूरे कर लेंगे और इसी के साथ इंग्लैंड के लिए ये कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। वह इंग्लैंड के लिए T20I में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। दूसरे नंबर पर क्रिस जॉर्डन का नाम है, उन्होंने 95 मैचों में 108 विकेट चटकाए हैं।
ऐसा करने वाले छठे गेंदबाज बनेंगे रशीद
आपको बता दें कि अगर आदिल रशीद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 150 विकेट पूरे कर लेते हैं तो वो ऐसा करने वाले दुनिया के सिर्फ छठे गेंदबाज होंगे। अब तक अफगानिस्तान के राशिद (111 मैचों में 187 विकेट), न्यूजीलैंड के टिम साउदी (126 मैचों में 164 विकेट), न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी (137 मैचों में 162 विकेट), बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान (126 मैचों में 158 विकेट), और श्रीलंका के वानिन्दु हसरंगा (93 मैचों की 151 विकेट) ने ही ये कारनामा किया है। इस लिस्ट में अब उनका नाम भी शामिल हो सकता है।
पहले टी20 मैच में इंग्लैंड को मिली थी जीत
श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहे टी20 सीरीज की बात करें तो तीन मैचों की सीरीज में इंग्लैंड 1-0 से आगे है। सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड ने DLS नियम के तहत श्रीलंका को 11 रन से हराया था। बारिश की वजह से ये मुकाबला 17-17 ओवर का हुआ था। वहां श्रीलंका की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 16.2 ओवर में 133 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में इंग्लैंड ने 15 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर इस टारगेट को हासिल कर लिया था।
यह भी पढ़ें
ईशान किशन का वर्ल्ड कप से पहले सामने आया बड़ा बयान, बताया किस चीज पर है अब सबसे ज्यादा ध्यान
पाकिस्तानी गेंदबाज बॉल फेंक रहा है कि थ्रो? ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का एक्शन को लेकर फूटा गुस्सा; देखें VIDEO
Latest Cricket News