अफ्रीकी क्रिकेट में एक नए युग की शुरुआत होने वाली है। एशिया कप की तर्ज पर अब अफ्रीका में भी एक बड़े T20 टूर्नामेंट की योजना बन रही है, जिसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, इस महत्वाकांक्षी टूर्नामेंट के लिए फैंस को अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।
अफ्रीका क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) एक महाद्वीपीय T20 कप आयोजित करने पर विचार कर रही है। इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य इसे व्यावसायिक रूप से सफल बनाकर उससे मिलने वाले फंड से क्रिकेट के विकास को बढ़ावा देना है। ACA का पुनर्गठन पिछले साल हुआ था और अब यह संस्था इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रस्तावों की समीक्षा कर रही है।
विंडो की हो रही तलाश
हालांकि, इस टूर्नामेंट के 2027 से पहले शुरू होने की संभावना नहीं है। ESPNCricinfo के मुताबिक, फिलहाल दो बड़े मुद्दों पर चर्चा जारी है। पहला है टूर्नामेंट के लिए सही समय यानी विंडो और दूसरा टीमों के क्वालीफिकेशन का तरीका। इस पूरे प्लान में सबसे अहम भूमिका क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) की मानी जा रही है, क्योंकि साउथ अफ्रीका महाद्वीप की सबसे मजबूत और व्यस्त टीम है। CSA इस विचार का समर्थन तो करता है, लेकिन उसे अपने व्यस्त इंटरनेशनल कैलेंडर में जगह निकालनी होगी, ताकि वह अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम इस टूर्नामेंट में भेज सके।
साउथ अफ्रीका फिलहाल पांच महीने के ब्रेक पर है, लेकिन सितंबर से उनका शेड्यूल फिर शुरू होगा और फरवरी 2027 तक लगातार मैच चलते रहेंगे। इसके बाद नए FTP यानी फ्यूचर टूर प्रोग्राम के तहत अगले पांच साल का कार्यक्रम तय होगा, जो इस टूर्नामेंट के आयोजन में अहम भूमिका निभाएगा।
ट्राई-सीरीज को लेकर चल रही बातचीत
इसी साल जिम्बाब्वे क्रिकेट और CSA के बीच एक ट्राई-सीरीज को लेकर भी बातचीत चल रही है, जिसमें नामीबिया की टीम भी शामिल हो सकती है। यह सीरीज विक्टोरिया फॉल्स में बनने वाले नए स्टेडियम के उद्घाटन के मौके पर आयोजित हो सकती है और इसे अफ्रीका कप के लिए एक तरह का ट्रायल या शुरुआत माना जा रहा है।
पिछले कुछ समय में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के बीच क्रिकेट सहयोग काफी बढ़ा है। तीनों देश मिलकर 2027 ODI वर्ल्ड कप की मेजबानी भी करने वाले हैं, जिससे इस क्षेत्र में क्रिकेट को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। ACA का लक्ष्य एशिया कप जैसा एक बड़ा टूर्नामेंट तैयार करना है, जो न सिर्फ अफ्रीकी क्रिकेट को आर्थिक रूप से मजबूत बनाए, बल्कि नए खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाए। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक चला, तो आने वाले सालों में क्रिकेट फैंस को एशिया कप की तरह ही एक रोमांचक अफ्रीका T20 कप देखने को मिल सकता है, जो इस महाद्वीप के क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ देगा।
यह भी पढ़ें
नेपाल में सजेगा क्रिकेट का बड़ा मंच, कई टीमें लेंगी हिस्सा, 2027 वर्ल्ड कप से है खास कनेक्शन
ICC ODI रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की स्टार खिलाड़ी का जलवा, फिर हासिल किया नंबर-1 का ताज
Latest Cricket News