Akash Deep Ruled out of IPL 2026: IPL 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट की वजह से पहले ही इस टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। वहीं अब केकेआर का एक और भारतीय तेज गेंदबाज आगामी आईपीएल सीजन से बाहर हो गया है। वो खिलाड़ी कोई और नहीं आकाश दीप हैं। श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीषा पथिराना भी अभी तक फिट नहीं हुए हैं। ऐसे में तेज गेंदबाजों का लगातार चोटिल होना केकेआर के लिए समस्या बनी हुई है।
केकेआर ने ऑक्शन में आकाश दीप को 1 करोड़ में खरीदा था
क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें तो आकाश दीप आईपीएल 2026 में नहीं खेल पाएंगे। कोलकाता नाइट राइडर्स के एक बड़े अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है कि आकाश दीप इस सीजन नहीं खेलेंगे। KKR के अधिकारी ने कहा कि दुर्भाग्य से, वह IPL से बाहर हो गए हैं, इस पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। बंगाल के 29 साल के तेज गेंदबाज को पिछले साल अबू धाबी में हुए मिनी-ऑक्शन में फ्रेंचाइजी ने उनके बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये में खरीदा था। हर्षित राणा की अनुपस्थिति में आकाश दीप तेज गेंदबाजी की कमान संभालने वाले थे। ऐसे में उनका बाहर होना केकेआर के लिए एक बड़ा झटका है।
आईपीएल में अभी तक सिर्फ 14 मैच खेल पाए हैं आकाश दीप
बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले आकाश दीप अपने करियर में चोट की वजह से काफी परेशान रहे हैं। उन्होंने आईपीएल में अभी तक 14 मैच खेले हैं, इस दौरान आकाश ने 11.82 की इकॉनमी से 10 विकेट अपने नाम किए हैं। वे पिछले सीजन लखनऊ टीम का हिस्सा थे। तब उन्होंने छह मैच खेले थे और तीन विकेट अपने नाम किए थे। वे अभी तक किसी भी सीजन में सभी मुकाबले नहीं खेल पाए हैं। आकाश दीप ने 2022 में अपना आईपीएल डेब्यू किया था।
COE में रिहैब कर रहे हैं आकाश दीप
आकाश दीप फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिहैब कर रहे हैं। उनकी ये चोट कितनी गंभीर है, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। लेकिन मैनेजमेंट और फ्रेंचाइजी के बीच इसको लेकर बातचीत हुई है। बता दें कि केकेआर ने 18 मार्च से कोलकाता में कैंप शुरू किया था, लेकिन आकाश दीप इसमें शामिल नहीं हो पाए। अब उनके बाहर होने के बाद फ्रेंचाइजी किस प्लेयर को रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल करती है ये देखना दिलचस्प होगा।
यह भी पढ़ें
IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी को इस चीज से दूर रखना चाहते हैं राजस्थान रॉयल्स के कप्तान, बताया क्या रहेगी उनकी भूमिका
KKR को क्या खलेगी आंद्रे रसेल की IPL 2026 में कमी? हेड कोच ने बताया कौन करेगा इसकी भरपाई
Latest Cricket News