1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. KKR को क्या खलेगी आंद्रे रसेल की IPL 2026 में कमी? हेड कोच ने बताया कौन करेगा इसकी भरपाई

KKR को क्या खलेगी आंद्रे रसेल की IPL 2026 में कमी? हेड कोच ने बताया कौन करेगा इसकी भरपाई

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Mar 21, 2026 10:31 am IST,  Updated : Mar 21, 2026 10:31 am IST

IPL 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स टीम का लंबे समय तक हिस्सा रहने वाले आंद्रे रसेल ने पिछला सीजन खत्म होने के बाद आईपीएल से अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था। अब उनकी कमी को आगामी सीजन किस तरह से भरा जाएगा इसको लेकर केकेआर हेड कोच का बयान सामने आया है।

Andre Russell- India TV Hindi
आंद्रे रसेल Image Source : AP

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन क शुरुआत 28 मार्च से होनी है, जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स के स्क्वाड में कुछ बड़े बदलाव इस बार देखने को मिलेंगे। केकेआर की टीम के लिए पिछला आईपीएल सीजन किसी बुरे सपने से कम साबित नहीं हुआ था और अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में खेलते हुए लीग स्टेज में 8वें नंबर पर खत्म किया था। केकेआर ने 14 लीग मुकाबलों में खेलते हुए जहां सिर्फ 5 में जीत हासिल की तो वहीं उन्हें 7 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। कोलकाता नाइट राइडर्स ने इसके बाद कोचिंग स्टाफ से लेकर स्क्वाड में भी कुछ बड़े बदलाव किए, जिसमें हेड कोच की पोजीशन इस सीजन अभिषेक नायर संभालते हुए दिखाई देंगे। इसके अलावा लंबे समय तक केकेआर का हिस्सा रहने वाले आंद्रे रसेल ने पिछला सीजन खेलने के बाद अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था, जिसके बाद केकेआर अब उनकी कमी को कैसे पूरा करेगी इसको लेकर सबसे बड़ा सवाल है, जिसपर अब हेड कोच अभिषेक नायर का बयान सामने आया है।

रसेल की कमी पूरा करने के लिए दूसरे खिलाड़ियों के पास मौका

आंद्रे रसेल की गिनती आईपीएल इतिहास के बेहतरीन ऑलराउंडर खिलाड़ियों में की जाती है, जो अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से मुकाबले का रुख पलटने की क्षमता रखते थे। अब उनके जाने के बाद केकेआर इस कमी को कैसे पूरा करेगी इसको लेकर प्री-सीजन प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछे जाने पर हेड कोच अभिषेक नायर ने जवाब दिया कि रसेल ने केकेआर की फ्रेंचाइजी के लिए काफी कुछ किया है, उन्होंने टी20 क्रिकेट में जो हासिल किया है वैसा करना किसी के लिए भी आसान नहीं रहने वाला है। अब उनके जाने के बाद हमारी टीम में कुछ ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जो उनकी कमी को पूरा कर सकते हैं, जिसमें रिंकू सिंह और रमनदीप का नाम सबसे आगे है। मुझे उम्मीद है ये दोनों खिलाड़ी इस मौके का पूरा फायदा उठाने में कामयाब रहेंगे।

कैमरून ग्रीन पर भी रहेगी सभी की नजरें

केकेआर ने आंद्रे रसेल के रिटायरमेंट लेने के बाद आईपीएल 2026 सीजन के लिए हुए मिनी प्लेयर ऑक्शन में कैमरून ग्रीन को अपना हिस्सा बनाया जिसमें उन्होंने इसके लिए 25.20 करोड़ रुपये खर्च कर दिए। ग्रीन की गिनती मौजूदा समय के शानदार ऑलराउंडर खिलाड़ियों में की जाती है, लेकिन पिछले कुछ समय से वह गेंदबाजी अधिक करते हुए नहीं दिखे हैं। ऐसे में वह आईपीएल 2026 सीजन में केकेआर के लिए इस भूमिका को निभा पाएंगे या नहीं इसको लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं।

ये भी पढ़ें

भारतीय टीम जून महीने में इस देश के खिलाफ खेलेगी टी20 सीरीज, बोर्ड ने शेड्यूल का किया ऐलान

पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल ट्रॉफी जीतना चाहते हैं श्रेयस अय्यर, बताया अभी किस चीज पर दे रहे हैं ज्यादा ध्यान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल