Shreyas Iyer: पंजाब किंग्स की टीम आईपीएल 2026 के लिए जोरदार तैयारी कर रही है, पिछले सीजन उनकी टीम शानदार प्रदर्शन करके फाइनल तक पहुंचने में कामयाब रही थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस बीच आगामी सीजन के शुरू होने से पहले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने खिताब जीतने की इच्छा जताई है। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि उनकी टीम सीजन के शुरुआत से पहले किस चीज को सुधारने पर सबसे ज्यादा ध्यान दे रही है।
प्लेयर्स के साथ रिश्तों को मजबूत करना चाहते हैं श्रेयस अय्यर
अय्यर ने मोहाली में फ्रेंचाइजी की जर्सी के अनावरण समारोह में कहा कि यह वह समय है जब हम दो महीने तक एक परिवार की तरह रहते हैं। जितना अधिक समय हम साथ बिताते हैं, उतना ही हम एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जान पाते हैं। यही वह समय है जब हम अपने बीच रिश्ते को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि हम अपना अधिकतर समय गेम रूम में फीफा और अन्य गेम खेलते हुए बिताते हैं। मैचों के लिए रणनीति आमतौर पर मैच से एक या दो दिन पहले बनती है, लेकिन मैदान के बाहर यह मजबूत रिश्ता हमें आखिर में बेहतर रिजल्ट हासिल करने में मदद करता है।
श्रेयस अय्यर की नजर आईपीएल ट्रॉफी पर
पंजाब किंग्स अपने अभियान की शुरुआत 31 मार्च को घरेलू मैदान पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ करेगा। अय्यर को उनके फैंस ने सरपंच साहब का उपनाम दिया है और वह जानते हैं कि उनसे काफी उम्मीद की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमसे काफी उम्मीद की जा रही है जो अच्छा भी है। मुझे चुनौती पसंद है। लेकिन महत्वपूर्ण बात यह है कि जब भी हम मैदान में उतरें, हमें जीतना होगा। मेरी नजर ट्रॉफी जीतने पर है।
टीम का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं श्रेयस अय्यर
अय्यर को हाल के दिनों में चोट से भी काफी परेशान रहे थे, लेकिन अब वह पूरी तरह से फिट हैं। उन्होंने कहा कि चोट के बाद वापसी करना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। मेरा वजन लगभग सात किलो कम हो गया था और उसे वापस पाने में काफी मेहनत लगी। लेकिन मुझे चुनौतियां पसंद हैं। मुझे खुशी है कि मैंने अपने जीवन के उस दौर को पार कर लिया है और मैं पूरी तरह फिट होकर टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए यहां वापस आया हूं।
यह भी पढ़ें
मथीशा पथिराना के फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट, KKR के कोच ने बताया कब तक होंगे फिट
IPL 2026 से पहले CSK की बढ़ी टेंशन, अब एक और खिलाड़ी के खेलने पर बना सस्पेंस