टीम इंडिया के चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर फिर से चर्चा में हैं। गुरुवार को बीसीसीआई की एक अहम और बड़ी बैठक हुई, इसमें वो सभी लोग मौजूद रहे, जिन्हें होना चाहिए था, लेकिन अजीत अगरकर की गौरमौजूदगी ने सुर्खियों को फिर से हवा दे दी है। हालांकि बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कहा कि वे बाहर हैं, इसलिए नहीं आ सके, लेकिन सोशल मीडिया पर अब उनके भविष्य को लेकर लगातार बातें हो रही हैं।
शहर के बाहर बताए गए अजीत अगरकर, ऑन भी कनेक्ट नहीं हो सके
बीसीसीआई की मीटिंग मुंबई हेड आफिस में थी और अजीत अगरकर वहीं पर रहते हैं। लेकिन वे इस मीटिंग में नजर नहीं आए तो सभी ने उनका ध्यान खींचा। मीटिंग में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के अलावा टीम इंडिया के हेड कोच, सीओई के चीफ वीवीएस लक्ष्मण, टी20 के कप्तान श्रेयस अय्यर, टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल भी मौजूद रहे। लेकिन अजीत नजर नहीं आए। इस दौरान बीसीसीआई ने साफ किया कि अजीत के ना आने को लेकर अपने मन से मतलब ना निकाला जाए, वे शहर से बाहर हैं और ऐसी जगह पर हैं, जहां ऑन भी कनेक्ट नहीं हो सकते। लेकिन ध्यान देने वाली बात ये है कि अभी चंद रोज पहले बीसीसीआई की ओर से अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया गया। तब सभी सिलेक्टर्स ने आपस में ऑनलाइन ही बात की थी, लेकिन अचानक से अजीत आखिर भारत में ऐसी कौन सी जगह पहुंच गए, जहां इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
इंग्लैंड सीरीज के दौरान चर्चा में आ गए थे अजीत अगरकर
देवजीत सैकिया ने मीटिंग के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए साफ किया कि मीटिंग काफी कम समय में बुलाई गई थी, इसलिए अगरकर नहीं आ सके। सैकिया ने ये भी कहा कि ये सिलेक्शन मीटिंग नहीं थी, साथ ही इसको लेकर कोई बात भी नहीं हुई। हालांकि इसके बाद भी चर्चाओं का बाजार जो गर्म हुआ था, वो ठंडा नहीं हुआ है। दरअसल खबरें इस तरह की आई थीं कि इंग्लैंड सीरीज के दौरान ही अजीत अगरकर ने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को रिटायर होने के लिए कहा था। चर्चा है कि रोहित शर्मा इसके लिए मान भी गए थे, लेकिन आखिरी मैच में रोहित ने धमाकेदार शतक ठोक दिया और इसके बाद तस्वीर बदल गई।
क्या अजीत और रोहित के बीच सब कुछ ठीक है, इसको लेकर उठ रहे हैं सवाल
बैठक के बाद देवजीत सैकिया से जब रोहित शर्मा को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि रोहित हर मैच में अच्छा खेल रहे हैं, आखिरी मैच में ही उन्होंने शतक लगाया है तो फिर ऐसी बातें कहां से आ गईं। याद कीजिए कि इससे पहले भी जब रोहित के रिटायरमेंट को लेकर बातें हो रही थीं, तब भी बीसीसीआई ने कहा था कि उसका ऐसा कोई प्लान नहीं है। अब सुर्खियां ऐसी हैं कि शायद अजीत अगरकर और रोहित शर्मा के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। अजीत अगरकर के चीफ सिलेक्टर बनने के बाद ही चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने के बाद रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर शुभमन गिल को ये जिम्मेदारी दी गई थी। अब सच्चाई क्या है ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा।
अगले साल तक है अजीत अगरकर का कार्यकाल
वैसे एक बात आपको जरूर याद दिला दें कि चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर का कार्यकाल अगले साल जुलाई तक है। इसके बाद अगले साल अक्टूबर और नवंबर में ही वनडे विश्व कप होना है, हो सकता है कि तब तक के लिए अजीत का कार्यकाल बढ़ा दिया जाए। लेकिन आने वाले वक्त में क्या होगा ये बात सामने आ ही जाएगा, लेकिन चर्चाएं लगातार चलती रहेंगी।
यह भी पढ़ें
आकिब नबी ने काउंटी चैंपियनशिप में दिखाया गेंद से कमाल, बिखेर दी अंग्रेज खिलाड़ी की गिल्लियां; देखें VIDEO
BCCI अगले FTP में चाहता है बदलाव, SENA देशों के लिए नए प्लान का भी सचिव ने किया खुलासा
Latest Cricket News