ICC की ताजा रैंकिंग में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। ऑस्ट्रेलिया की स्टार खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन के दम पर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया है। ऑस्ट्रेलिया की स्टार स्पिनर अलाना किंग नंबर-1 गेंदबाज बन गई हैं। अलाना किंग ने ICC महिला ODI गेंदबाजी रैंकिंग में एक बार फिर नंबर-1 का ताज हासिल कर लिया है। कैरेबियाई दौरे पर उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें दोबारा शिखर पर पहुंचा दिया। सेंट किट्स में खेले गए मुकाबले में किंग ने घातक गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में महज 19 रन देकर 5 विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने 44 डॉट बॉल डालीं, जो उनकी काबिलियत को दर्शाता है।
किंग के इस प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने मैच में 9 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की और सीरीज 3-0 से अपने नाम की। यही नहीं, इस शानदार प्रदर्शन ने उन्हें ऑलराउंडर रैंकिंग में भी सातवें स्थान पर पहुंचा दिया, जहां उन्होंने नैट साइवर-ब्रंट को पीछे धकेल दिया।
अमेलिया केर ने भी लगाई छलांग
वहीं दूसरी ओर, हाल ही में अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से तहलका मचाने वाली न्यूजीलैंड की स्टार ऑलराउंडर अमेलिया केर को रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है। केर को महिला ODI ऑलराउंडर रैंकिंग एक स्थान का फायदा हुआ है। केर ने हाल ही में बेसिन रिजर्व के मैदान पर नाबाद 179 रन की ऐतिहासिक पारी खेली, जिसके दम पर न्यूजीलैंड रिकॉर्ड रन चेज करने में सफल रही। उनकी इस पारी को हाल के समय की सबसे बेहतरीन ODI पारियों में गिना जा रहा है। इसके अलावा, उन्होंने 4 ODI में 18 विकेट भी चटकाए, जिसमें 7/34 का रिकॉर्ड प्रदर्शन शामिल रहा।
मारिजान कैप से आगे निकली कीवी ऑलराउंडर
केर की शानदार फॉर्म सिर्फ ODI तक सीमित नहीं रही, बल्कि T20I क्रिकेट में भी उन्होंने लगातार रन बनाने के साथ विकेट चटकाए हैं। इसी प्रदर्शन के दम पर अमेलिया केर पिछले महीने ICC महिला T20I ऑलराउंडर रैंकिंग में नंबर-1 पायदान पर पहुंच गईं। वहीं, ODI ऑलराउंडर रैंकिंग में अब वह मारिजान कैप से आगे निकल गई हैं। केर अब चौथे पायदान पर पहुंच गई हैं। टॉप पर एश्ले गार्डनर का जलवा बरकरार है।
यह भी पढ़ें:
PSL के बीच आई बड़ी खबर, डेविड वॉर्नर शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार
ODI में केवल 35 रन पर आउट हो गई पूरी टीम, एक नहीं दो बार हुआ ऐसा अनोखा काम
Latest Cricket News