David Warner: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के बीच एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज डेविड वॉर्नर कानूनी विवाद में फंस गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वॉर्नर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगा है और उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। हालांकि, बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज इस समय पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में कराची किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं। PSL में उनकी फ्रैंचाइजी के मैचों के बीच कुछ दिनों का अंतराल था, तो वह परिवार के साथ समय बिताने के लिए ऑस्ट्रेलिया चले गए। न्यूज डॉट कॉम डॉट एयू की रिपोर्ट के मुताबिक, डेविड वॉर्नर पर ड्रिंक ड्राइविंग का मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि 5 अप्रैल की रात सिडनी के मारौब्रा इलाके में पुलिस द्वारा किए गए ब्रीथ टेस्ट में उन्होंने कानूनी सीमा से लगभग दोगुना अल्कोहल स्तर पाया गया।
ब्रीथ टेस्ट में पाए गए पॉजिटिव
न्यू साउथ वेल्स पुलिस के बयान के अनुसार, वॉर्नर टेस्टिंग साइट तक पहुंचने से पहले ही अपनी गाड़ी रोककर पार्क कर चुके थे। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोका और मौके पर ब्रीथ टेस्ट किया, जिसमें पॉजिटिव रिजल्ट आया। इसके बाद वॉर्नर को गिरफ्तार कर मारौब्रा पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां दूसरे टेस्ट में उनका अल्कोहल स्तर 0.104 दर्ज किया गया। अब यह मामला अदालत तक पहुंच चुका है और उन्हें अगले महीने कोर्ट में पेश होना होगा।
पुलिस ने जारी किया बयान
पुलिस के आधिकारिक बयान में कहा गया- 5 अप्रैल की शाम करीब 5:30 बजे मालाबार रोड, मारौब्रा पर पुलिस रैंडम ब्रीथ टेस्टिंग कर रही थी। एक वाहन टेस्टिंग साइट से पहले रुककर पार्क करता दिखा। अधिकारियों ने वाहन चालक का टेस्ट किया, जो पॉजिटिव आया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां दूसरे टेस्ट में 0.104 रीडिंग आई। व्यक्ति को 7 मई 2026 को डाउनिंग सेंटर लोकल कोर्ट में पेश होने का नोटिस दिया गया है।
गौरतलब है कि डेविड वॉर्नर ने 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और इसके बाद वह मीडिया और फ्रेंचाइजी क्रिकेट की ओर रुख कर चुके हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान 100 से ज्यादा टेस्ट मैच खेले और ऑस्ट्रेलिया को कई अहम जीत दिलाईं। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस मामले में आगे क्या मोड़ आता है और अदालत का फैसला वॉर्नर के करियर और छवि पर कितना असर डालता है।
यह भी पढ़ें
RR vs MI: कौन जीतेगा आज का मैच, मुकाबला शुरू होने का वक्त भी नोट कीजिए
आश्चर्यजनक किन्तु सत्य: एक साथ खेले 90 टेस्ट, लेकिन कभी नहीं की साथ बल्लेबाजी