1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कप्तान शुभमन गिल को आलोचना के बीच मिला इस दिग्गज का साथ, कहा - स्टोक्स के साथ भी ऐसा हुआ था

कप्तान शुभमन गिल को आलोचना के बीच मिला इस दिग्गज का साथ, कहा - स्टोक्स के साथ भी ऐसा हुआ था

IND vs ENG: लीड्स टेस्ट मैच में टीम इंडिया की हार के बाद से कप्तान शुभमन गिल को लगातार आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अब इंग्लैंड टीम के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक ने गिल का बचाव किया है।

Shubman Gill- India TV Hindi
Image Source : AP शुभमन गिल

भारतीय टीम के लिए इंग्लैंड दौरे का आगाज बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार नहीं रहा जिसमें उन्हें 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को चौथी पारी में 371 रनों का टारगेट दिया था, जिसका पीछा करने में वह कामयाब नहीं हो सके। टीम इंडिया के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को इस हार के बाद सबसे ज्यादा आलोचना का सामना करना पड़ा। वहीं अब गिल के बचाव में इंग्लैंड टीम के पूर्व कप्तान और बेहतरीन बल्लेबाज एलिस्टर कुक सामने आए हैं जिसमें उन्होंने अपने दिए बयान में कहा कि गिल के साथ टीम इंडिया के बाकी प्लेयर्स को अभी तालमेल बिठाने में थोड़ा समय लगेगा।

टीम को नए लीडर के साथ तालमेल बिठाने में समय लगता है

एलिस्टर कुक ने स्टिक टू क्रिकेट शो पर दिए अपने बयान में शुभमन गिल को लेकर कहा कि जब भी कोई नया कप्तान टीम को संभालता है तो बाकी प्लेयर्स को उसके साथ तालमेल बिठाने में थोड़ा समय लगता है। जब बेन स्टोक्स ने इंग्लैंड टीम की कप्तानी संभाली थी तो उनके साथ भी ऐसा ही हुआ था। स्टोक्स ने आते ही कहा था कि हम इस तरह से टेस्ट क्रिकेट में खेलेंगे तो बाकी के प्लेयर्स को उनके साथ चलने में थोड़ा समय लगा। ऐसे में हमें गिल को थोड़ा समय देना चाहिए।

एजबेस्टन में टीम इंडिया को खेलना है सीरीज का दूसरा टेस्ट

टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला एजबेस्टन के मैदान पर 2 जुलाई से खेलना है। इस स्टेडियम में टीम इंडिया का रिकॉर्ड देखा जाए तो यहां पर अब तक एक भी मुकाबला जीतने में कामयाबी नहीं मिली है, ऐसे में कप्तान शुभमन गिल के सामने और भी बड़ी चुनौती रहने वाली है। भारतीय टीम ने एजबेस्टन के मैदान पर कुल 8 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्हें 7 में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ था। साल 2022 के दौरे पर जब भारतीय टीम ने यहां पर मैच खेला था तो उस मुकाबले में इंग्लैंड की टीम ने चौथी पारी में 378 रनों के टारगेट को चेज करते हुए मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम किया था।

ये भी पढ़ें

दूसरे टेस्ट से पहले आई बड़ी खुशखबरी, इस धाकड़ बल्लेबाज के खेलने की पूरी संभावना!

यशस्वी जायसवाल के पास इतिहास रचने का मौका, एजबेस्टन टेस्ट मैच में तोड़ सकते हैं द्रविड़-सहवाग का रिकॉर्ड

Latest Cricket News