न्यूजीलैंड की कप्तान ने वर्ल्ड रिकॉर्ड को किया ध्वस्त, लगातार तीसरी फिफ्टी लगाते रचा इतिहास
न्यूजीलैंड महिला टीम की कप्तान अमेलिया केर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही 5 टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार 78 रनों की पारी खेलने के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है।
न्यूजीलैंड की महिला टीम आगामी टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए अपने घर पर साउथ अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। इस सीरीज का पहला मुकाबला माउंट माउंगानुई के स्टेडियम में खेला गया जिसमें कीवी महिला टीम 80 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में न्यूजीलैंड महिला टीम की नई कप्तान अमेलिया केर के बल्ले से 44 गेंदों में बेहतरीन 78 रनों की पारी देखने को मिली, जिसके दम पर वह वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त करने में कामयाब रही।
अमेलिया केर ने कप्तान के तौर पर हासिल की बड़ी उपलब्धि
न्यूजीलैंड महिला टीम की कप्तानी जब से अमेलिया केर ने संभाली है उसके बाद से उनका बल्ले से काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच में जब वह बल्लेबाजी करने उतरी तो कीवी टीम ने पहला पारी की पहली ही गेंद पर गंवा दिया था। इसके बाद उन्होंने पिच पर आने के बाद चौके के साथ अपना खाता खोला। अमेलिया केर ने जॉर्जिया प्लिमर के साथ मिलकर 146 रनों की बेहतरीन पारी खेली। अमेलिया केर अब महिला और पुरुष टी20 इंटरनेशनल में पहले 5 मैचों में बतौर कप्तान अब सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। केर ने कप्तान के रूप में पहली 5 पारियों में कुल 301 रन बनाए हैं, जिसमें उन्होंने रोमानिया की रेबेका ब्लेक का रिकॉर्ड तोड़ा है जिन्होंने 250 रन बनाए थे।
जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे मैच में भी दिखा था अमेलिया का शानदार प्रदर्शन
अमेलिया केर का जिम्बाब्वे के खिलाफ इस टी20 सीरीज से पहले हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन देखने को मिला था, जिसमें उन्होंने बल्ले से जहां 140 रन बनाए थे, तो वहीं 16 विकेट अपने नाम करने में भी कामयाब रही थी। अमेलिया केर का आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले मैदान पर ये प्रदर्शन उनकी टीम के लिए टाइटल को डिफेंड करने में अहम भूमिका अदा कर सकता है। न्यूजीलैंड की टीम को अब साउथ अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ 5 मैचों की इस टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 मार्च को हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेलना है।
ये भी पढ़ें
पाकिस्तान से आई बड़ी खबर, चैंपियंस ट्रॉफी जिताने वाले कप्तान ने किया संन्यास का ऐलान
