8 मार्च 2026 को टीम इंडिया ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। यह भारत के लिए तीसरा टी20 वर्ल्ड कप का खिताब है। टीम इंडिया की इस जीत के लगभग एक हफ्ते के बाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी को लेकर बात की है। रिकी पोंटिंग ने कहा है कि भले ही वह बल्ले से कमाल नहीं दिखा पाए, लेकिन जिस तरह से उन्होंने टीम को लीड किया, उसके लिए उनकी तारीफ होनी चाहिए।
सूर्या की कप्तानी को लेकर रिकी पोंटिंग ने क्या कहा?
रिकी पोंटिंग ने ये भी कहा कि नंबर वन बैटर अभिषेक शर्मा और ओपनर संजू सैमसन फॉर्म में नहीं थे तो उस समय सूर्या ने कैसे इनसे बात की होगी? यह एक बड़ा सवाल है। रिकी पोंटिंग ने आईसीसी रिव्यू में कहा कि कप्तानी का असली मापदंड बंद दरवाजों के पीछे होता है। उन्होंने कहा कि कप्तानी इस बारे में ज्यादा है कि वे मैदान के बाहर क्या करते हैं। यह वो चीजें हैं जो लोग नहीं देखते और वे अपने खिलाड़ियों के साथ कैसे इंटरैक्ट करते हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर उनका खुद का समय बहुत अच्छा नहीं रहा, लेकिन फिर भी वह आखिर में वर्ल्ड कप ट्रॉफी पकड़े खड़े हैं।
पोंटिंग ने की सूर्या की कप्तानी की तारीफ
पोंटिंग ने कहा कि एक पुराने कप्तान के तौर पर मैं जानता हूं कि जब आप अपनी सबसे अच्छी बैटिंग नहीं कर रहे होते हैं, तो कप्तानी सच में मुश्किल हो सकती है और जब आप अच्छी बैटिंग कर रहे होते हैं, तो कप्तानी सच में आसान हो सकती है। यह देखना वाकई दिलचस्प होता कि पिछले कुछ हफ्तों में सूर्या ने अभिषेक (शर्मा) और संजू (सैमसन) के साथ कैसे बातचीत की होगी। यहीं पर सच्ची लीडरशिप की असली कहानियां सामने आएंगी।
टी20 वर्ल्ड कप में सूर्या के बल्ले से आया एकमात्र अर्धशतक
आपको बता दें कि इस वर्ल्ड कप में बल्लेबाज के तौर पर सूर्या का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा था। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में एकमात्र अर्धशतक यूएसए के खिलाफ मैच में लगाया था। यूएसए के खिलाफ अपने पहले मैच में सूर्या ने 84 रनों की नाबाद पारी खेली थी। इसके बाद वह एक भी अर्धशतक अपने नाम नहीं कर सके। इसके अलावा 8 पारियों में सूर्या ने कुल 158 रन बनाए। हालांकि सूर्या ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार कप्तानी की। वह फाइनल में भी डक पर आउट हुए थे।
यह भी पढ़ें
सलमान अली आगा को अब ICC से लगी कड़ी फटकार, बचकानी हरकत के बाद मिली बड़ी सजा