1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अर्शदीप सिंह ने बताया क्यों उनके पिता को WI vs SA मैच में आया था गुस्सा, फिर किस तरह से कराया उन्हें शांत

अर्शदीप सिंह ने बताया क्यों उनके पिता को WI vs SA मैच में आया था गुस्सा, फिर किस तरह से कराया उन्हें शांत

भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 के अहम मुकाबले को 72 रनों से अपने नाम करने के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों की जिंदा रखा हुआ है, जिसमें इस मैच के बाद टीम इंडिया के कप्तान अर्शदीप सिंह का भी बड़ा बयान सामने आया है।

Arshdeep Singh- India TV Hindi
Image Source : AP अर्शदीप सिंह

भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में मिली हार के बाद शानदार वापसी करते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ 26 फरवरी को खेले गए मुकाबले को 72 रनों से अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को और भी पुख्ता कर लिया है, जिसमें अब उन्हें अपनी जगह पक्की करने के लिए एक मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले मैच में सिर्फ जीत हासिल करनी होगी। टीम इंडिया के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले से ठीक पहले साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया मुकाबला भी काफी अहम था, जिसमें अफ्रीका की जीत से वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले मुकाबले में नेट रनरेट वाली गणित पूरी तरह से बाहर हो गई, जिसके चलते अब भारतीय टीम को सिर्फ वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में जीत हासिल करनी होगी। वहीं जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के बाद टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का भी बड़ा बयान सामने आया है।

वेस्टइंडीज के खिलाड़ी के चौका मारने पर मेरे पिता गुस्सा हो रहे थे

जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम इंडिया की जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अर्शदीप सिंह आए थे, जिसमें उन्होंने बताया कि जब साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच में अहमदाबाद के मैदान पर मुकाबला खेला जा रहा था, तो मेरे पिता उस मैच को काफी दिलचस्पी से देख रहे थे। उस दौरान जब वेस्टइंडीज के खिलाड़ी बाउंड्री लगा रहे थे, तो मेरे पिता उस समय काफी गुस्सा हो रहे थे। मुझे उन्हें शांत करना पड़ा और कहना पड़ा कि इतना गुस्सा न हो। मैंने उनसे कहा कि क्रिकेट का मजा लो और साउथ अफ्रीका की जीत के लिए दुआ करते रहो। बता दें कि अफ्रीका की टीम ने इस मुकाबले को 9 विकेट से अपने नाम किया साथ ही टीम इंडिया के जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत से साउथ अफ्रीका टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई भी करने में कामयाब हो गई।

हम हालात के अनुसार अपनी रणनीति बनाएंगे

अर्शदीप सिंह ने वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में होने वाले मुकाबले को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि हम वहां के हालात और पिच को देखते हुए अपनी रणनीति बनाएंगे। बता दें कि इस मैच को लेकर सभी की नजरें टिकी रहेंगी क्योंकि अभी तक दोनों ही टीमों का टूर्नामेंट में काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। ऐसे में रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें

ENG vs NZ: अगर बारिश की वजह से रद्द हुआ इंग्लैंड वर्सेस न्यूजीलैंड मैच तो किसे मिलेगा फायदा? पाकिस्तान पर पड़ेगा इसका असर

अर्शदीप सिंह ने रचा इतिहास, एक ही झटके में बुमराह और बोल्ट का रिकॉर्ड किया चकनाचूर

Latest Cricket News