1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Asia Cup 2025: दुबई पहुंची टीम इंडिया, ICC अकेडमी में शुरू की प्रैक्टिस; सामने आया VIDEO

Asia Cup 2025: दुबई पहुंची टीम इंडिया, ICC अकेडमी में शुरू की प्रैक्टिस; सामने आया VIDEO

Asia Cup 2025: भारतीय टीम आगामी एशिया कप 2025 में हिस्सा लेने के लिए दुबई पहुंच गई है, जिसमें टीम ने 5 सितंबर को आईसीसी अकेडमी में प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है।

Hardik Pandya And Abhishek Sharma- India TV Hindi
Image Source : PTI हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा

यूएई में 9 सितंबर से एशिया कप 2025 का आगाज होगा जिसमें हिस्सा लेने के लिए भारतीय टीम भी 4 सितंबर को दुबई पहुंच गई। इस बार एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें टीम इंडिया सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलते हुए नजर आएगी। साल 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों को नजर में रखते हुए टीम इंडिया के लिए ये टूर्नामेंट काफी अहम माना जा रहा है, ऐसे में कई युवा भारतीय प्लेयर्स पर नजरें रहने वाली हैं। भारतीय टीम ने दुबई पहुंचने के साथ एशिया कप के लिए अभ्यास करना भी शुरू कर दिया है।

टीम इंडिया ने आईसीसी अकेडमी में शुरू की प्रैक्टिस

भारतीय टीम के सभी 15 खिलाड़ी दुबई पहुंचने के साथ 5 सितंबर को आईसीसी अकेडमी में हुए टीम के पहले प्रैक्टिस सेशन में दिखाई दिए। टीम इंडिया काफी लंबे समय के बाद टी20 फॉर्मेट में खेलते हुए नजर आएगी, जिसमें उन्होंने अपना पिछला मुकाबला इस साल फरवरी महीने की शुरुआत में खेला था। वहीं एशिया कप के लिए घोषित की गई 15 सदस्यीय भारतीय टीम की स्क्वाड में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी शामिल किया गया है जो साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले के बाद इस फॉर्मेट में टीम इंडिया की स्क्वाड का हिस्सा बने हैं। भारतीय टीम को टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई की टीम के खिलाफ दुबई के मैदान पर खेलना है।

गर्मी को देखते हुए मुकाबलों का समय आधे घंटे आगे बढ़ाया गया

एशिया कप 2025 के मैचों की शुरुआत पहले भारतीय समयानुसार शाम 7:30 पर होनी थी, जिसके बाद वहां पर गर्मी को देखते हुए रात 8 बजे मुकाबलों की शुरुआत होगी। भारतीय टीम के प्लेयर्स के लिए भी गर्मी को देखते हुए वहां के हालात में खुद को ढालना एक बड़ी चुनौती रहने वाला है। टीम इंडिया को इस बार पूल-ए में जगह मिली है, जिसमें यूएई से 10 सितंबर को मुकाबला खेलने के बाद उसका अगला मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान की टीम से होगा जबकि आखिरी मैच 19 सितंबर को ओमान की टीम से होगा।

ये भी पढ़ें

दलीप ट्रॉफी में एन जगदीशन ने बल्ले से मचाया गदर, इंग्लैंड सीरीज में नहीं मिला था मौका

टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सरशिप अब होगी और महंगी, BCCI ने बढ़ाए रेट

Latest Cricket News