1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सरशिप अब होगी और महंगी, BCCI ने बढ़ाए रेट

टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सरशिप अब होगी और महंगी, BCCI ने बढ़ाए रेट

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Sep 05, 2025 04:46 pm IST,  Updated : Sep 05, 2025 04:46 pm IST

BCCI टीम इंडिया के लिए जर्सी स्पॉन्सर की तलाश में है क्योंकि ड्रीम 11 का भारतीय टीम से नाता टूट गया है। ऐसे में टीम इंडिया एशिया कप में बिना जर्सी स्पॉन्सर के खेलती नजर आएगी।

Team India- India TV Hindi
टीम इंडिया Image Source : PTI

BCCI ने टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सरशिप की दरों में बड़ा बदलाव किया है। अब किसी भी कंपनी को टीम इंडिया की जर्सी पर लोगो लगाने के लिए पहले से ज्यादा भुगतान करना होगा। नई दरों के अनुसार, द्विपक्षीय सीरीज के लिए प्रति मैच 3.5 करोड़ रुपये और मल्टीनेशन टूर्नामेंट के लिए प्रति मैच 1.5 करोड़ रुपये तय किए गए हैं। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब भारतीय टीम का मौजूदा स्पॉन्सर ड्रीम 11 अनुबंध से बाहर हो गया है। सरकार द्वारा लागू ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन एवं विनियमन अधिनियम 2025 के बाद ड्रीम 11 को जर्सी स्पॉन्सर से हाथ धोना पड़ा है। 

क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, पहले द्विपक्षीय मैचों के लिए 3.17 करोड़ रुपये और मल्टीनेशनल टूर्नामेंटों के लिए 1.12 करोड़ रुपये तय थे। यानी नई दरें पिछली दरों से थोड़ी अधिक हैं। BCCI को इस बदलाव से 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई होने का अनुमान है, जबकि अंतिम आंकड़ा बोली प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।

कब से लागू होंगी नई दरें?

नई दरें आगामी एशिया कप के बाद लागू होंगी। हालांकि, भारत की टीम इस एशिया कप में बिना किसी जर्सी स्पॉन्सर के खेलेगी, क्योंकि BCCI ने नई बोली जमा करने की आखिरी तारीख 16 सितंबर तय की है। BCCI ने साफ कर दिया है कि बोली लगाने वाली कोई भी कंपनी या उससे जुड़ा संगठन ऑनलाइन मनी गेमिंग, सट्टेबाजी या जुए से किसी भी तरह जुड़ा नहीं होना चाहिए। न ही ऐसे कारोबार में निवेश या स्वामित्व होना चाहिए। ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम 2025 लागू होने के बाद ड्रीम 11 ने अपने वास्तविक धन से जुड़े गेम बंद कर दिए। इसी वजह से कंपनी ने भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी स्पॉन्सरशिप से भी किनारा कर लिया। अब BCCI नए स्पॉन्सर की तलाश में है, और देखा जाएगा कि कौन सी कंपनी इन महंगी दरों पर टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सर बनती है।

14 सितंबर को भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान

गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट टीम 9 सितंबर से खेले जाने वाले एशिया कप में नजर आएगी। भारतीय टीम 10 सितंबर को UAE के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी। इसके बाद 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। लीग स्टेज के अपने तीसरे और आखिरी मैच में भारत का 19 सितंबर को ओमान से सामना होगा। 

(PTI Inputs)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल