एशिया कप 2025 में 17 सितंबर को ग्रुप-ए में पाकिस्तान और यूएई के बीच मुकाबले से गजब ड्रामा पाकिस्तानी टीम की तरफ से देखने को मिला, जिसमें पहले जहां उन्होंने इस मुकाबले को खेलने से मना कर दिया था तो वहीं इसके बाद उन्होंने मुकाबला खेलने का फैसला लिया। पाकिस्तानी टीम की इस बचकानी हरकत के चलते मुकाबला एक घंटे की देरी से शुरू हुआ था। सुपर-4 में पहुंचने के लिए पाकिस्तान की टीम को ये मुकाबला जीतना अहम था और उन्होंने 41 रनों से मैच को अपने नाम करने के साथ अगले राउंड के लिए अपनी जगह पक्की कर ली जहां पर उनकी सबसे पहले भिड़ंत 21 सितंबर को भारत के खिलाफ दुबई के मैदान पर होगी। यूएई के खिलाफ मैच के बाद पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने अपने प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा कि हम किसी भी टीम को हरा सकते हैं।
हम किसी भी चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार
पाकिस्तान टीम के सलमान अली आगा ने यूएई के खिलाफ मुकाबले के बाद कहा कि हमने काम पूरा कर लिया, लेकिन हमें बीच के ओवरों में बेहतर बल्लेबाजी करनी थी। गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। हमने अभी तक अपनी सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी इस टूर्नामेंट में नहीं की है। अगर हम अच्छी बल्लेबाजी करते तो हम 170 से 180 रनों तक पहुंच सकते थे। शाहीन अफरीदी एक मैच विनर खिलाड़ी हैं। उनकी बल्लेबाजी में सुधार हुआ है। अबरार का प्रदर्शन लाजवाब रहा है। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो हमें मैचों में वापस ला रहे हैं। हम किसी भी चुनौती के लिए तैयार हैं। अगर हम अच्छा क्रिकेट खेलते हैं, तो हम किसी भी टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।
भारत के खिलाफ दुबई के मैदान पर होगी भिड़ंत
ग्रुप-ए से सुपर-4 के लिए भारत और पाकिस्तान ने अपनी जगह पक्की कर ली है, जिसकी उम्मीद टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले ही की जा रही थी। अब सुपर-4 में भारत और पाकिस्तान के बीच 21 सितंबर को दुबई के मैदान पर ही मुकाबला खेला जाएगा, जिसपर इस सारे बवाल के बाद सभी की नजरें टिकी हुई है। भारत ने ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान के खिलाफ हुए मुकाबले को एकतरफा 7 विकेट से अपने नाम किया था।
ये भी पढ़ें
T20I क्रिकेट में टॉप पर पहुंचे UAE के कप्तान, खास मामले में सभी बल्लेबाजों को पछाड़ा
खाता खोलने के लिए तरसा पाकिस्तानी ओपनर, डक की लगाई हैट्रिक, अफरीदी के शर्मनाक रिकॉर्ड की बराबरी की
Latest Cricket News