A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वर्ल्ड कप की तैयारी को लेकर डिफेंडिंग चैंपियन ने उठाया बड़ा कदम, 12 साल बाद इस देश में खेलेगी वनडे सीरीज

वर्ल्ड कप की तैयारी को लेकर डिफेंडिंग चैंपियन ने उठाया बड़ा कदम, 12 साल बाद इस देश में खेलेगी वनडे सीरीज

साल 2027 में वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन होना है, जिसके लिए अब तैयारी के नजरिए से सभी टीमों के पास अधिक समय नहीं बचा है। इसी को ध्यान में रखते हुए डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने 12 साल के लंबे अंतराल के बाद जिम्बाब्वे में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने का फैसला लिया है।

AUS vs ZIM- India TV Hindi
Image Source : AFP ऑस्ट्रेलिया बनाम जिम्बाब्वे

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए तैयारियों के नजरिए से 2 अप्रैल को एक बड़ा ऐलान किया, जिसमें इस बात की जानकारी दी गई कि ऑस्ट्रेलियाई टीम इस साल सितंबर महीने में जिम्बाब्वे का दौरा करेगी। इस दौरे में कंगारू टीम मेजबान के खिलाफ 15 सितंबर से लेकर 20 सितंबर तक तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। वनडे वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के लिए ये वनडे सीरीज मेगा इवेंट की तैयारियों के नजरिए से काफी अहम रहने वाली है।

ऑस्ट्रेलिया 12 साल बाद जिम्बाब्वे में खेलेगी वनडे सीरीज

जिम्बाब्वे को इस साल अब भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया की भी मेजबानी करने का मौका मिल रहा है, जो उनके क्रिकेट बोर्ड को आर्थिक तौर पर मजबूत करने में काफी मदद करेगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पिछली बार साल 2018 में जिम्बाब्वे का दौरा किया था, जब उन्होंने यहां पर टी20 ट्राई सीरीज खेली थी, जिसमें तीसरी टीम पाकिस्तान की थी। वहीं उन्होंने जिम्बाब्वे में आखिरी बार वनडे मुकाबला साल 2014 में खेला था, जिसके बाद अब वह इस देश में वनडे मैच 12 साल के लंबे इंतजार के बाद खेलेंगे। इस वनडे सीरीज का पहला मैच जहां 15 सितंबर को होगा, तो वहीं दूसरा मैच 18 सितंबर को जबकि तीसरा मुकाबला 20 सितंबर को खेला जाएगा। इसमें वनडे सीरीज के तीनों ही मुकाबले हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया का जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे में रिकॉर्ड देखा जाए तो वह अब तक एकतरफा देखने को मिला है, जिसमें दोनों टीमों के बीच में कुल 33 मैच खेले गए हैं और इसमें से ऑस्ट्रेलियाई टीम 29 मुकाबलों को जीतने में कामयाब रही जबकि जिम्बाब्वे को सिर्फ तीन मैचों में जीत मिली है।

काफी व्यस्त रहने वाला है ऑस्ट्रेलियाई टीम का शेड्यूल

ऑस्ट्रेलियाई टीम के एक और दौरे का ऐलान होने के साथ अब साल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप तक उनका शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है, जिसमें कंगारू टीम को जून महीने में जहां लिमिटेड ओवर्स सीरीज खेलने के लिए पाकिस्तान और बांग्लादेश का दौरा करना है, जबकि इसके बाद अगस्त महीने में वह अपने घर पर बांग्लादेश के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेंगे। इसके बाद उन्हें जिम्बाब्वे का दौरा करना है। वहीं इस वनडे सीरीज के खत्म होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए साउथ अफ्रीका के दौरे पर रवाना हो जाएगी।

ये भी पढ़ें

ODI World Cup 2027: क्या है सुपर 6 फॉर्मेट, 24 साल बाद लौटेगा पुराना रोमांच, विस्तार से समझिए

फखर जमां अब बगावत पर उतरे, बॉल टैंपरिंग मामले में दी PCB को चुनौती

Latest Cricket News