1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दूसरे टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए गुड न्यूज, जोश इंगलिस की टेस्ट टीम में होगी वापसी

दूसरे टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए गुड न्यूज, जोश इंगलिस की टेस्ट टीम में होगी वापसी

ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच गकेबरहा में खेला जाएगा। इस मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है।

Josh Inglis- India TV Hindi
Image Source : AP जोश इंगलिस

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जोश इंगलिस अब उंगली की चोट से उबर चुके हैं और साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से पहले फिर से टीम के साथ जुड़ने जा रहे हैं। पिछले महीने डरबन में खेले गए पहले वनडे मैच के दौरान उनकी उंगली में फ्रैक्चर हो गया था, जिसकी वजह से वे बीच सीरीज में ही ऑस्ट्रेलिया वापस लौट आए थे। राहत की बात यह रही कि उनकी सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ी। उनकी ताजा मेडिकल रिपोर्ट में सुधार बहुत अच्छा आया है। इसे देखते हुए पूरी उम्मीद है कि वे इस टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।

सैम हार्पर और निक मैडिनसन को किया गया शामिल

जोश इंगलिस के चोटिल होकर बाहर होने से ऑस्ट्रेलियाई टीम की मुश्किलें बढ़ गई थीं, क्योंकि वो विकेटकीपिंग और बैटिंग दोनों संभाल लेते हैं। हालांकि उन्होंने अपने अब तक के सभी 5 टेस्ट मैच बतौर स्पेशलिस्ट बल्लेबाज ही खेले हैं। इंगलिस के बाहर होने के बाद उनकी कमी को पूरा करने के लिए टीम में दो खिलाड़ियों को शामिल करना पड़ा। इसके लिए भारत दौरे पर गई ऑस्ट्रेलिया ए टीम से सैम हार्पर को बुलाया गया और साथ ही निक मैडिनसन की भी वाली वापसी कराई गई।

इंगलिस के चोटिल होने पर क्या बोले हेड कोच

ऑस्ट्रेलियाई टीम के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा कि जोश इंगलिस के चोटिल होने से टीम का संतुलन बिगड़ गया था, क्योंकि उनकी कमी भरने के लिए एक नहीं बल्कि दो खिलाड़ियों को लाना पड़ा। उन्होंने बताया कि इंगलिस के टीम में होने से प्लेइंग इलेवन काफी फ्लेक्सिबल रहता है, लेकिन उनके बाहर होने पर पहले सैम हार्पर को बैक-अप विकेटकीपर के तौर पर रखना पड़ा और फिर इसी मजबूरी के चलते निक मैडिनसन को भी टीम में शामिल करना पड़ा।

कैमरन ग्रीन भी पहले टेस्ट से हो चुके हैं बाहर

इस चोट के बाद कैमरन ग्रीन भी पेट की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण डरबन में होने वाले पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए। यह चोट उन्हें पॉचेफस्ट्रूम में खेले गए आखिरी वनडे मैच के दौरान लगी थी। दूसरे टेस्ट मैच में उनके खेलने को लेकर अब भी संशय बना हुआ है। कोच मैकडोनाल्ड ने साफ किया है कि इस पूरी सीरीज के दौरान उनके एक ऑलराउंडर के तौर पर खेलने की संभावना काफी कम है। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट गकेबरहा में 18 अक्टूबर से खेला जाएगा।

यह भी पढ़ें

शे होप ने जीत के बाद शुभमन गिल को दिया जवाब, सोशल मीडिया पर 250? Cool कैप्शन के साथ फोटो किया पोस्ट

तिलक वर्मा ने टी20 क्रिकेट में किया गजब का कारनामा, 5000 रन पूरे करते हुए यह कमाल करने वाले बने पहले खिलाड़ी

Latest Cricket News