पिंक बॉल टेस्ट मैच कैसा रहा है ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड, अब तक इतने मैचों में मिली है जीत
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 4 दिसंबर से खेला जाएगा। यह एक डे-नाईट टेस्ट मैच होगा, जो पिंक बॉल से खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 4 दिसंबर से ब्रिस्बेन के गाबा में डे-नाईट टेस्ट मैच खेला जाएगा। यह एशेज टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच होगा। पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। पिंक बॉल टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड अभी तक काफी अच्छा रहा है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने ही अभी तक सबसे ज्यादा पिंक बॉल टेस्ट मैच खेले हैं। पिंक बॉल के साथ कंगारू टीम अभी तक सिर्फ एक मैच ही हारी है।
पिंक बॉल टेस्ट में कैसा रहा है ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड?
पिंक बॉल टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के रिकॉर्ड की बात करें तो वहां उन्होंने अभी तक कुल 14 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्हें सिर्फ एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है, वहीं 13 में उन्हें जीत मिली है। ऑस्ट्रेलिया को पिंक बॉल टेस्ट मैच में एकमात्र हार वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली थी। 2024 में वेस्टइंडीज ने ब्रिस्बेन के मैदान पर ही पिंक बॉल टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया को 8 रन से हराया था। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने अपना आखिरी पिंक बॉल टेस्ट मैच भी वेस्टइंडीज के खिलाफ ही इसी साल खेला था। किंग्स्टन के मैदान पर खेले गए मैच में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 176 रन से हराया था।
पिंक बॉल टेस्ट में इंग्लैंड ने जीते हैं सिर्फ दो मुकाबले
पिंक बॉल टेस्ट में इंग्लैंड के रिकॉर्ड की बात करें तो वह उतना अच्छा नहीं रहा है। इंग्लैंड की टीम ने अब तक 7 पिंक बॉल टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें से उन्हें सिर्फ दो में जीत मिली है और पांच में हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड ने पिंक बॉल टेस्ट में सबसे पहली जीत साल 2017 में वेस्टइंडीज के खिलाफ दर्ज की थी। 2023 में उन्होंने न्यूजीलैंड को पिंक बॉल टेस्ट में 267 रन से हराया था।
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले गए हैं 3 पिंक बॉल टेस्ट
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच अब तक 3 पिंक बॉल टेस्ट मैच खेले गए हैं और तीनों मैच में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की है। दोनों टीमों के बीच पहला पिंक बॉल टेस्ट मैच साल 2017 में इंग्लैंड में खेला गया था, वहां कंगारू टीम ने 120 रन से जीत दर्ज की थी। 2021 में एडिलेड में खेले गए पिंक बॉल टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 275 रन से हराया था। वहीं 2022 में ऑस्ट्रेलिया ने होबार्ट में इंग्लैंड को 146 रनों से पटखनी दी थी। अब आगामी टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम जीत दर्ज कर पाती है या नहीं ये देखने लायक बात होगी।
यह भी पढ़ें
इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर का 62 की उम्र में हुआ निधन, क्रिकेट जगत में पसरा मातम
अहम मुकाबले से 2 दिन पहले हो गया प्लेइंग 11 का ऐलान, 3 साल बाद धाकड़ ऑलराउंडर को मिला मौका