A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑस्ट्रेलिया के ओपनर्स के नाम हुआ अनचाहा हैट्रिक, शर्मनाक लिस्ट में अब सिर्फ पापुआ न्यू गिनी से पीछे

ऑस्ट्रेलिया के ओपनर्स के नाम हुआ अनचाहा हैट्रिक, शर्मनाक लिस्ट में अब सिर्फ पापुआ न्यू गिनी से पीछे

ऑस्ट्रेलिया की टीम इस वक्त तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए बांग्लादेश दौरे पर है। पहले वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया के ओपनर्स एक बार फिर टीम के लिए खाता नहीं खोल पाए।

Australia vs Bangladesh- India TV Hindi
Image Source : AP ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश

ऑस्ट्रेलिया की टीम इस वक्त तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए बांग्लादेश का दौरा कर रही है। सीरीज के पहले वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज फेल हो गए। वहीं टीम के सलामी बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट इस मैच में बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए थे। उनके आउट होने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया के ओपनर्स के नाम अब एक अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया है। अब ऑस्ट्रेलिया की टीम इस शर्मनाक लिस्ट में सिर्फ पापुआ न्यू गिनी से पीछे है।

अब सिर्फ पापुआ न्यू गिनी से पीछे है ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज (ओपनर्स) पिछले तीन मैचों में बिना एक भी रन जोड़े लगातार शून्य पर आउट हुए हैं। इस शर्मनाक लिस्ट में पापुआ न्यू गिनी का नाम टॉप पर है। उनके ओपनर्स 2022 में लगातार चार मैचों में बिना कोई रन जोड़े आउट हो गए थे। ऑस्ट्रेलिया की टीम फिलहाल लगातार 3 मैचों से ऐसा कर रही है। न्यूजीलैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर है। साल 2015 में कीवी टीम के सलामी बल्लेबाज तीन मैचों में बिना खाता खोले आउट हो गए थे। अगर ऑस्ट्रेलिया के ओपनर्स अगले मैच में भी बिना रन जोड़े आउट हो जाते हैं तो वह इस लिस्ट में पापुआ न्यू गिनी की बराबरी कर लेंगे।

पिछले तीन मैचों में लगातार फ्लॉप रहे हैं ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज

285 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम के सलामी बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट गोल्डन डक बनाकर पवेलियन लौट गए। इससे पहले वह पाकिस्तान के खिलाफ पहले तीसरे वनडे मैच में भी बिना खाता खोले आउट हो गए थे। उन्होंने पाकिस्तान दौरे पर सीरीज के पहले वनडे मैच में 55 रनों की पारी खेली थी। वहीं पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में एलेक्स कैरी बिना खाता खोले आउट हुए थे। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे ODI मैच से लेकर बांग्लादेश दौरे पर खेले गए पहले मैच तक कंगारू टीम के सलामी बल्लेबाज बिना रन जोड़े ही आउट हुए हैं। अब अगले मैच में ऑस्ट्रेलिया के ओपनर्स टीम को अच्छी और दमदार शुरुआत देना चाहेंगे।

बांग्लादेश ने जीता पहला वनडे

बांग्लादेश ने पहले वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया को DLS नियम के तहत 86 रनों से हरा दिया है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 8 विकेट खोकर 284 रन बनाए थे। जवाब में जब ऑस्ट्रेलियाई टीम 42.2 ओवरों में 9 विकेट पर 191 रन बना चुकी थी, तभी बारिश आ गई। इसके बाद मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और बांग्लादेश ने मैच जीत लिया। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

यह भी पढ़ें

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले टीम इंडिया का स्क्वाड अचानक बदला, बीसीसीआई ने लिया बड़ा फैसला

IND A vs SL A: इंडिया ए को पहले वनडे में मिली रोमांचक जीत, एक ओवर में अरशद खान ने पलटी बाजी

Latest Cricket News