1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 295 विकेट लेने वाला गेंदबाज हो गया बाहर, एशेज से पहले ऑस्ट्रेलिया को लगा तगड़ा झटका

295 विकेट लेने वाला गेंदबाज हो गया बाहर, एशेज से पहले ऑस्ट्रेलिया को लगा तगड़ा झटका

एशेज टेस्ट सीरीज की शुरुआत 21 नवंबर से हो रही है। सीरीज का पहला टेस्ट मैच पर्थ में खेला जाएगा। इस मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है।

Australia Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : AP ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज टेस्ट सीरीज की शुरुआत 21 नवंबर से हो रही है। टेस्ट सीरीज का पहला मैच पर्थ के वाका स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोट की वजह से पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है। ये चोट उन्हें शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में खेलने के दौरान लगी थी। उनके अलावा सीन एबॉट भी चोट की वजह से बाहर हो गए हैं। टीम में तेज गेंदबाज माइकल नेसर को शामिल किया गया है। आपको बता दें कि हेजलवुड अब तक अपने टेस्ट करियर में 295 विकेट ले चुके हैं।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जोश हेजलवुड के चोट पर क्या कहा?

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक बयान में बताया, जोश हेजलवुड का दोबारा स्कैन हुआ, जिससे हैमस्ट्रिंग में खिंचाव की पुष्टि हुई है। बुधवार को हुए शुरुआती स्कैन में मांसपेशियों में खिंचाव नहीं पाया गया था, लेकिन अब स्कैन में चोट की पुष्टि हो गई है। इसी वजह से अब हेजलवुड पर्थ नहीं जा पाएंगे और वह पहले एशेज टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। माइकल नेसर को पहले टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है। नेसर ने अब तक करियर में दो टेस्ट मैच खेले हैं, उन्होंने 2021 में एडिलेड ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ अपना डेब्यू किया था।

पैट कमिंस भी हो चुके हैं बाहर

आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के रेगुलर कप्तान पैट कमिंस भी चोट की वजह से पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। 2014 के बाद से, ऑस्ट्रेलिया ने कमिंस और हेजलवुड के बिना केवल दो बार घरेलू मैदान पर टेस्ट मैच खेला है, लेकिन दोनों ही मौकों पर जीत हासिल की है। 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ और 2022 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की टीम इन दो प्लेयर्स के बिना खेलते उतरी थी।

टेस्ट में जोश हेजलवुड के आंकड़े

हेजलवुड ने अपना टेस्ट डेब्यू साल 2014 में टीम इंडिया के खिलाफ किया था। उन्होंने अब तक 76 मुकाबले खेले हैं और इसकी 143 पारियों में 24.21 की औसत से 295 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उन्होंने अब तक 13 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं और उनका बेस्ट प्रदर्शन 6/67 का रहा है। घरेलू सरजमीं पर हेजलवुड का प्रदर्शन और भी अच्छा रहा है। वहां उन्होंने 41 टेस्ट में 22.70 की औसत से 168 विकेट लिए हैं।

ये भी पढ़ें

IPL 2026: रिटेंशन लिस्ट आने से पहले CSK ने लिया बड़ा फैसला, इस खिलाड़ी को कर दिया रिलीज

आईपीएल रिटेंशन से पहले इस खिलाड़ी का टूटा SRH से नाता, LSG में मारी एंट्री

Latest Cricket News