1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC रैंकिंग में बेथ मूनी ने फिर कायम की बादशाहत, अपनी ही साथी खिलाड़ी को पहले पायदान से धकेला

ICC रैंकिंग में बेथ मूनी ने फिर कायम की बादशाहत, अपनी ही साथी खिलाड़ी को पहले पायदान से धकेला

ICC T20I रैंकिंग में जबरदस्त बदलाव देखने को मिला है। ऑस्ट्रेलिया की स्टार बल्लेबाज बेथ मूनी ने एक बार फिर नंबर-1 का ताज हासिल कर लिया है।

Beth Mooney- India TV Hindi
Image Source : AP बेथ मूनी

ICC ने वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के समापन के बाद T20I रैंकिंग जारी कर दी है। ICC की ताजा रैंकिंग में एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया की धाकड़ सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी का जलवा देखने को मिला है। बेथ मूनी ने नंबर-1 पर कब्जा कर लिया है। मूनी ने ICC वूमेन्स T20I वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड जीतने के बाद ICC वूमेंस T20I बैटिंग रैंकिंग में नंबर 1 की जगह फिर से हासिल कर ली है। मूनी को 2020 में खेले गए टूर्नामेंट में भी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।

धाकड़ विकेटकीपर-बल्लेबाज मूनी ने अपने ही देश की खिलाड़ी जॉर्जिया वोल को शीर्ष स्थान से धकेलते हुए ये बड़ी उपलब्धि हासिल की। जॉर्जिया वोल 23 मार्च 2026 से टॉप पर मौजूद थीं। मूनी के खाते में अब 785 रेटिंग पॉइंट्स हैं। वहीं, उनकी ओपनिंग पार्टनर जॉर्जिया वोल के 779 रेटिंग पॉइंट्स हैं। 32 साल की मूनी ने टूर्नामेंट में 47.60 की औसत और 142.51 के स्ट्राइक रेट से कुल 238 रन बनाए। इंग्लैंड के खिलाफ 5 जुलाई को फाइनल मैच में मूनी ने 49 गेंदों पर 64 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई। इस शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने 36 गेंदों पर नाबाद 61 रन बनाए थे।

टॉप-10 में 2 भारतीय

गौरतलब है कि यह मूनी का नंबर-1 T20I बल्लेबाज के तौर पर पांचवां कार्यकाल है और केवल कैरेन रोल्टन ही मूनी से ज्यादा समय तक इस स्थान पर रही हैं। कैरेन रोल्टन चार साल से ज्यादा समय तक शीर्ष पर रही हैं। लॉरा वोल्वार्ड्ट भी एक पायदान नीचे खिसककर तीसरे स्थान पर आ गई हैं। वहीं, हेली मैथ्यूज चौथे स्थान पर और भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना पांचवें स्थान पर बरकरार हैं। छठे पायदान से लेकर 10वें पायदान तक भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। टॉप-10 बल्लेबाजों में 2 भारतीय शामिल हैं। मंधाना के अलावा शेफाली वर्मा भी टॉप-10 में शामिल हैं। शेफाली वर्मा छठे स्थान पर मौजूद हैं।

श्री चरणी का टॉप पर जलवा

T20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच मैचों में 14 विकेट लेने वाली भारत की श्री चरणी T20I बॉलिंग रैंकिंग में टॉप पर हैं। इंग्लैंड का टॉप 10 T20I गेंदबाजों की रैंकिंग में अब भी दबदबा बना हुआ है। टॉप-7 में से चार गेंदबाज उसी के हैं। वहीं, भारत की दीप्ति शर्मा का 8वें स्थान पर कब्जा है।

यह भी पढ़ें:

ऑस्ट्रेलिया से फाइनल हारने के बावजूद नैट साइवर-ब्रंट ने तोडा वर्ल्ड रिकॉर्ड, सूजी और मूनी हो गईं पीछे

T20 WC 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के खिलाड़ियों का दबदबा, सिर्फ 1 भारतीय को मिली जगह

Latest Cricket News