ऑस्ट्रेलिया ने ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 7वीं बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल में इंग्लैंड को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। घर में खिताब से चूकने के बावजूद इंग्लिश कप्तान नैट-साइवर ब्रंट ने खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। नैट-साइवर ब्रंट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में शानदार अर्धशतक जड़ते हुए बहुत बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया।
नैट साइवर-ब्रंट के बल्ले से निकला अर्धशतक
दरअसल, पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 150 रनों का स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड को यहां तक पहुंचाने में कप्तान नैट साइवर-ब्रंट का अहम योगदान रहा। उन्होंने शानदार अर्धशतक जड़ा। नैट ने 53 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौकों की मदद से नाबाद 58 रनों की पारी खेली। इस तरह नैट साइवर ने T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में नया इतिहास रच दिया।
नैट साइवर-ब्रंट के बल्ले से निकला ये अर्धशतक T20 वर्ल्ड कप में उनका 9वां अर्धशतक है। इस तरह वह ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाली खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने न्यूजीलैंड की दिग्गज बल्लेबाज सूजी बेट्स और ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी का कीर्तिमान ध्वस्त करते हुए ये बड़ी उपलब्धि हासिल की। सूजी बेट्स और बेथ मूनी के नाम T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 8 अर्धशतक जड़ने का कारनामा दर्ज है। T20 वर्ल्ड कप में 5 या उससे ज्यादा अर्धशतक सिर्फ 5 महिला बल्लेबाजों ने ही लगाए हैं। इनमें नैट साइवर-ब्रंट, बेथ मूनी और सूजी बेट्स के अलावा एलिसा हीली और हरमनप्रीत कौर भी शामिल हैं।
ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाली बल्लेबाज
- नैट साइवर-ब्रंट - 9
- बेथ मूनी - 8
- सूजी बेट्स - 8
- एलिसा हीली - 7
- हरमनप्रीत कौर - 5
ऑस्ट्रेलिया ने एकतरफा अंदाज में जीता मुकाबला
ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले की बात की जाए, तो ऑस्ट्रेलिया ने एकतरफा अंदाज में इंग्लैंड को मात दी। इंग्लैंड के 150 रनों के स्कोर के पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 17.2 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की इस खिताबी जीत में विकेटकीपर-बल्लेबाज बेथ मूनी का अहम योगदान रहा। मूनी ने 49 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौकों की मदद से 64 रनों की पारी खेली।
यह भी पढ़ें:
बेथ मूनी ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अर्धशतक लगाकर रचा इतिहास, विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा