साउथ अफ्रीका दौरे पर पहुंची ऑस्ट्रेलियाई टीम की हालत खराब है। तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच भले ही कंगारुओं ने जीत लिया हो, लेकिन साउथ अफ्रीका ने दूसरे ही मैच में पलटवार किया और ऑस्ट्रेलिया को पारी की हार थमा दी। ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम टेस्ट मैच पारी और रनों से हार जाए, लेकिन साउथ अफ्रीका ने इसे मुमकिन कर दिखाया है। इस बीच ट्रेविस हेड का भी घमंड चूर चूर हो गया है। उन्होंने अपनी टीम के लिए सेंचुरी लगाई, लेकिन फिर भी हार गई।
साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरे टेस्ट में पारी और 31 रन से हराया
टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम ने 425 रन बनाए थे। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पहली पारी में केवल 99 रन बनाकर ही सिमट गई। इसके बाद उसे फॉलोऑन का सामना करना पड़ा। दूसरी पारी में टीम 295 ही बना सकी। इससे उसे पारी और 31 रनों से हार मिली है। इस मैच की दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने 121 रनों की अच्छी पारी खेली, लेकिन वो टीम के लिए नाकाफी साबित हुई। ऐसा पहली बार हुआ है, जब ट्रेविस हेड ने सेंचुरी मारी हो और टीम को हार मिली हो। ज्यादातर मैच तो कंगारू टीम ने जीते है, वहीं कुछ ड्रॉ भी रहे हैं, लेकिन हार पहली दफा झेलनी पड़ी है। यानी अब हेड का शतक ऑस्ट्रेलिया के लिए जीत की गारंटी नहीं रह गया है।
टेम्बा बावुमा की कप्तानी में पहली बार हारी थी साउथ अफ्रीकी टीम, अगले ही मैच में लिया बदला
इसी सीरीज का पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया ने 214 रन से जीतकर लीड बनाई थी और उम्मीद की जा रही कि यही सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। पिछले मैच की खास बात ये भी रही कि साउथ अफ्रीकी टीम टेम्बा बावुमा की कप्तानी में पहली बार टेस्ट मैच हारी है। इससे पहले जब भी टेम्बा कप्तान रहे हैं, टीम जीती है याफिर मैच बराबरी पर समाप्त हुआ है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने इस सिलसिले को तोड़ दिया था, लेकिन दूसरे ही मैच में टेम्बा ने बदला लेते तो ऑस्ट्रेलिया को उससे भी करारी हार थमा दी है।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया अभी भी पहले नंबर पर काबिज
इस मैच के बाद भी हालांकि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले नंबर पर है और साउथ अफ्रीका की टीम तीसरे नंबर पर ही है, लेकिन अब उनके बीच अंतर कम रह गया है। ऑस्ट्रेलिया का पीसीटी 75 का है और साउथ अफ्रीका का मौजूदा पीसीटी 66.67 का हो गया है। इस बीच न्यूजीलैंड की टीम 72.22 के पीसीटी के साथ दूसरे नंबर पर है। सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 27 अक्टूबर से केपटाउन में खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम सीरीज जीत जाएगी, वहीं उसे डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में भी फायदा मिलेगा।
यह भी पढ़ें
श्रीलंका ने चेज किए 429 रन, भारत ने भी बना दिए 406 रन, फिर भी वर्ल्ड रिकॉर्ड तो कुछ और ही है
ईशान किशन की चोट ने बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन, क्या दूसरे टी20 में वैभव सूर्यवंशी की होगी प्लेइंग XI में एंट्री?
Latest Cricket News