क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले टी20 मैच में इंडिया ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर सीरीज में शानदार शुरुआत की। इस जीत के बाद टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है। भारतीय टीम के इन फॉर्म बल्लेबाज ईशान किशन पहले टी20 मैच के दौरान चोटिल हो गए, जिससे टीम इंडिया की टेंशन बढ़ गई है। इसी चोट की वजह से पहले टी20 मैच के लिए उनके बैटिंग ऑर्डर में भी बदलाव किया गया था। इसकी जानकारी टीम इंडिया के बैटिंग कोच ने दूसरे टी20 मैच से पहले दी है। इस चोट की वजह से वह अब दूसरे टी20 मैच से बाहर हो गए हैं।
ग्रोइन इंजरी से परेशान हैं ईशान किशन
टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने बताया है कि ईशान किशन ग्रोइन इंजरी से परेशान थे, इसी वजह से पिछले मैच में उन्हें बैटिंग के लिए देर से भेजा गया था। इस चोट की वजह से उनका शनिवार, 24 अक्टूबर को होने वाले दूसरे टी20 मैच से बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है। अगर ईशान नहीं खेलते हैं, तो उनकी जगह युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। सितांशु कोटक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ईशान किशन को कमर में चोट है, इसलिए तिलक वर्मा को प्रमोट किया गया था। ईशान के दूसरे T20I में खेलने की भी उम्मीद कम है। अगर ईशान नहीं खेलते हैं, तो वैभव सूर्यवंशी के खेलने की अच्छी संभावना है। अब देखना ये होगा कि ईशान अगर बाहर होते हैं तो उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को खेलने का मौका मिलता है या नहीं।
BCCI ने ईशान की इंजरी पर अपडेट देते हुए बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच के दौरान इशान किशन की दाईं जांघ में हल्की सी खिंचाव आ गई थी। इस चोट की वजह से वह सीरीज के दूसरे टी20 मैच से बाहर हो गए हैं। फिलहाल बीसीसीआई की मेडिकल टीम लगातार उनकी चोट पर नजर रख रही है और उनके ठीक होने का इंतजार कर रही है।
वैभव के आने से बदल सकता है बैटिंग ऑर्डर
अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि अगर वैभव सूर्यवंशी की प्लेइंग XI में एंट्री होती है तो वह किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। ईशान किशन T20I में नंबर 3 पर बैटिंग करते हैं। अगर टीम में वैभव सूर्यवंशी की एंट्री होती है, तो ये बात लगभग तय है कि वे तीसरे नंबर पर नहीं बल्कि ओपनिंग ही करेंगे। इस वजह से संजू सैमसन को अपना ओपनिंग स्थान छोड़ना पड़ सकता है और वे नंबर तीन पर बैटिंग करते हुए दिख सकते हैं। हालांकि, पहले मैच में संजू ने शानदार 67 रन की मैच विनिंग पारी खेली थी, फिर भी उन्हें यह बदलाव करना पड़ सकता है क्योंकि वैभव और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने ओपनिंग में शानदार प्रदर्शन किया है।
यह भी पढ़ें
इंडिया ए सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने किया टीम का ऐलान, 24 साल के खिलाड़ी को मिली कप्तानी
संजू सैमसन ने मैच विनिंग पारी खेलने के बाद दिया बड़ा बयान, बोले-हमारा मकसद पावरप्ले में मैच खत्म करना