A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अजमतउल्लाह ओमरजई ने ठोक दिया सबसे तेज अर्धशतक, टी20 इंटरनेशनल में अपने देश के इस खिलाड़ी को पछाड़ा

अजमतउल्लाह ओमरजई ने ठोक दिया सबसे तेज अर्धशतक, टी20 इंटरनेशनल में अपने देश के इस खिलाड़ी को पछाड़ा

हांगकांग के खिलाफ एशिया कप के पहले मुकाबले में अफगानिस्तान के अजमतउल्लाह ओमरजई ने केवल 20 बॉल पर अर्धशतक लगा दिया। अब वे अपनी टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

azmatullah omarzai- India TV Hindi
Image Source : AP अजमतउल्लाह ओमरजई

एशिया कप 2025 के पहले ही मैच में कमाल हो गया। मैच तो अफगानिस्तान और हांगकांग के बीच था, लेकिन रोमांच पूरा नजर आया। अफगानिस्तान के लिए जहां एक ओर सलामी बल्लेबाज सादिकुल्लाह अटल ने बेहतरीन पारी खेली, वहीं नीचे के क्रम में बल्लेबाजी के लिए उतरे अजमतउल्लाह ओमरजई ने आखिरी के कुछ ओवर्स में आक्रामक बल्लेबाजी से समां बांध दिया। उन्होंने अपने ही साथी पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी का अब से करीब आठ साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। 

सादिकुल्लाह अटल ने एक शानदार पारी खेली

पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम के लिए सलामी बल्लेबाज सादिकुल्लाह अटल ने एक शानदार पारी खेली। उन्होंने 52 बॉल पर 73 रन बना दिए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन छक्के और छह चौके आए। इसके बाद अजमतउल्लाह ओमरजई ने कमाल किया। उन्होंने केवल 20 ही बॉलों पर ताबड़तोड़ अंदाज में 50 रन बना दिए। इससे पहले टी20 इंटरनेशनल में अफगानिस्तान के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड मोहम्मद नबी के नाम था, लेकिन उनकी मौजूदगी में ही ये रिकॉर्ड ध्वस्त हो गया। मोहम्मद नबी भी इस मैच में खेल रहे हैं। 

नबी का आठ साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त

मोहम्मद नबी ने साल 2017 में आयरलैंड के खिलाफ 21 बॉल पर अर्धशतक लगाया था। वहीं गुलबदीन नईब ने भी साल 2024 में नबी की बराबरी करते हुए 21 बॉल पर भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में अर्धशतक लगाने का काम किया था। अजमतउल्लाह ओमरजई ने एक ही झटके में इन दोनों ही बल्लेबाजों को पीछे कर दिया और पहले नंबर पर पहुंच गए। मजे की बात ये है कि अजमतउल्लाह ओमरजई का ये टी20 इंटरनेशनल में पहला ही अर्धशतक है, जो रिकॉर्ड बना गया।

मोहम्मद नबी ने भी खेली आक्रामक पारी

मुकाबले में अफगानिस्तान ने जो 188 रनों का स्कोर खड़ किया, उसमें सादिकुल्लाह अटल और अजमतउल्लाह ओमरजई का बड़ा योगदान रहा, नहीं तो एक वक्त तो टीम संघर्ष कर रही थी, क्योंकि शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए थे। लेकिन अटल और ओमरजई ने मामला संभाल लिया। बीच में मोहम्मद नबी ने भी नंबर चार पर आकर एक छोटी, लेकिन तेजतर्रार पारी खेली। उन्होंने 26 बॉल पर 33 रनों का योगदान अपनी टीम के लिए दिया। इस मैच में खेली गई ये पारियों इन सभी बल्लेबाजों का आत्मविश्वास बढ़ाएंगी और आगे के मुकाबलों में काम आएंगी। 

यह भी पढ़ें 

अफगानिस्तान के बल्लेबाज ने टी20 इंटरनेशनल में पहली बार किया ये काम, एशिया कप के पहले ही मैच में छा गया

हांगकांग के गेंदबाज ने पहले ही मुकाबले में रचा इतिहास, भारत और पाकिस्तान के क्लब में मारी एंट्री

Latest Cricket News