पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। श्रीलंका के खिलाफ ODI ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में बाबर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 हजार रन पूरे कर लिए। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले पाकिस्तान के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। हालांकि, इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बावजूद बाबर भारतीय दिग्गज विराट कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से पीछे रह गए।
बाबर ने रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए मुकाबले में अपनी पारी के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। उन्हें 16 हजार इंटरनेशनल रन पूरे करने के लिए केवल सात रन की जरूरत थी। उन्होंने अपनी शानदार टाइमिंग और बेहतरीन कवर ड्राइव के दम पर जल्द ही यह आंकड़ा छू लिया। बाबर ने तीनों फॉर्मेट में कुल 399 पारियों में 16 हजार रन पूरे किए और पाकिस्तान के लिए इस मुकाम तक पहुंचने वाले तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज बने।
पाकिस्तान के लिए उनसे कम पारियों में यह उपलब्धि मोहम्मद यूसुफ और जावेद मियांदाद ने हासिल की थी। यूसुफ ने 388 पारियों, जबकि मियांदाद ने 398 पारियों में 16 हजार इंटरनेशनल रन पूरे किए थे। दूसरी ओर, विराट कोहली के नाम इस मामले में वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है। कोहली ने महज 350 पारियों में 16 हजार इंटरनेशनल रन पूरे कर लिए थे। ऐसे में बाबर इस ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचने के बावजूद भारतीय बल्लेबाज के रिकॉर्ड से काफी पीछे रह गए।
पाकिस्तान के पांचवें बल्लेबाज बने बाबर
बाबर आजम से पहले पाकिस्तान के चार बल्लेबाज इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 हजार या उससे अधिक रन बना चुके हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर इंजमाम-उल-हक हैं, जिन्होंने 20,541 रन बनाए। पूर्व कप्तान यूनिस खान 17790 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। मोहम्मद यूसुफ के नाम 17134 रन दर्ज हैं, जबकि जावेद मियांदाद ने अपने इंटरनेशनल करियर में 16213 रन बनाए थे।
बाबर ने अब इन दिग्गजों की सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है। उनके तीनों फॉर्मेट के आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने 66 टेस्ट मैचों में 4771 रन, 144 ODI में 6671 रन और 145 T20I मुकाबलों में 4596 रन बनाए हैं। इस तरह उनके नाम तीनों फॉर्मेट में 16038 रन हो गए हैं। उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 32 शतक और 111 अर्धशतक भी दर्ज हैं।
श्रीलंका के खिलाफ खेली 45 रन की पारी
श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। पारी के तीसरे ओवर में सैम अयूब के आउट होने के बाद बाबर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए। उन्होंने असिथा फर्नांडो की गेंद पर शानदार ड्राइव लगाकर अपना खाता खोला और इसके बाद ऑफ साइड में एक और आकर्षक शॉट खेलकर तीन रन बटोरे। इसी दौरान उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 हजार रन पूरे कर लिए। इस उपलब्धि के बाद भी बाबर ने अपनी पारी जारी रखी और कुछ बेहतरीन शॉट लगाए। हालांकि, वह बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। बाबर 57 गेंदों पर 45 रन बनाकर ईशान मलिंगा का शिकार बने। उनकी पारी में 6 चौके शामिल रहे।
ODI शतकों के मामले में भी इतिहास रचने के करीब
बाबर आजम के पास ODI क्रिकेट में भी पाकिस्तान के लिए नया रिकॉर्ड बनाने का मौका है। वह ODI क्रिकेट में 20 शतक लगाने वाले सईद अनवर की बराबरी कर चुके हैं। अब एक और शतक लगाते ही बाबर पाकिस्तान की ओर से ODI में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
यह भी पढ़ें:
मोहम्मद रिजवान को PCB ने फिक्सिंग की जांच के बाद दी राहत, घरेलू क्रिकेट में करेंगे वापसी, कप्तान भी बने
शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने रच दिया इतिहास, पहली बार किसी जोड़ी ने एक साल में पूरे किए 1000 रन
Latest Cricket News