1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बाबर आजम के नहीं खत्म हो रहे बुरे दिन, वनडे में 719 दिनों बाद हुआ ऐसा

बाबर आजम के नहीं खत्म हो रहे बुरे दिन, वनडे में 719 दिनों बाद हुआ ऐसा

WI vs PAK: वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तानी टीम के स्टार खिलाड़ी बाबर आजम बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।

Babar Azam- India TV Hindi
Image Source : GETTY बाबर आजम

पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान बाबर आजम के बुरे दिन खत्म होने का नाम नहीं ले रहे हैं। पहले जहां उन्हें टी20 टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया तो वहीं वेस्टइंडीज के दौरे पर वनडे टीम में उनकी वापसी तो हुई लेकिन अब तक 2 मैचों में उनका प्रदर्शन खराब देखने को मिला है। बाबर आजम इस वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में 47 रन बनाने में कामयाब हुए थे लेकिन दूसरे मैच में वह बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। ऐसे में अब टीम में उनकी जगह को लेकर खतरा जरूर मंडराने लगा है।

पिछली 63 पारियों से शतक नहीं लगा सके बाबर आजम

बाबर आजम इंटरनेशनल क्रिकेट में पिछली 63 पारियों से शतक लगाने में कामयाब नहीं हो सके हैं। बाबर आजम ने अपना पिछला शतक साल 2023 में हुए एशिया कप में नेपाल के खिलाफ खेले गए मुकाबले में लगाया था, इसके बाद वह तीनों ही फॉर्मेट में एक बार भी 100 रनों के आंकड़े को छूने में कामयाब नहीं हो सके। वनडे में बाबर आजम पांचवीं बार डक पर आउट हुए हैं, जिसमें वह पिछली बार साल 2023 अगस्त महीने में अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में शून्य पर पवेलियन लौटे थे। ऐसे में पूरे 719 दिन के बाद वह वनडे में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में बाबर आजम को विंडीज टीम के तेज गेंदबाज जायडन सील्स ने बोल्ड करते हुए पवेलियन भेजा।

दूसरे वनडे मैच के लिए दोनों टीमों प्लेइंग 11 में किए बदलाव

वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच दूसरे वनडे मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग 11 में बदलाव देखने को मिला है। पाकिस्तान ने जहां नसीम शाह, फहीम अशरफ और सूफियान मुकीम की जगह पर मोहम्मद नवाज, हसन अली और अबरार अहमद को शामिल किया है तो वहीं मेजबान वेस्टइंडीज ने रोमारियो शेफर्ड की जगह पर जस्टिन ग्रीव्स को जगह दी है। दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है, जिसमें उन्होंने 37 के स्कोर तक पाकिस्तानी टीम के 2 बड़े विकेट हासिल कर लिए थे।

ये भी पढ़ें

ऑस्ट्रेलिया जीत के साथ पहुंचा पाकिस्तान के बराबर, भारतीय टीम के रिकॉर्ड पर मंडराया खतरा

क्वेना मफाका ने 19 साल की उम्र में कर दिया बड़ा कारनामा, साउथ अफ्रीका का अब तक कोई गेंदबाज नहीं कर पाया ऐसा

Latest Cricket News