साउथ अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में 17 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में अफ्रीकी बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक देखने को मिला लेकिन गेंदबाज बेहतर प्रदर्शन करने में जरूर कामयाब रहे। पहली बार ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर खेलने पहुंचे साउथ अफ्रीका टीम के 19 साल के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज क्वेना मफाका ने अपने पहले ही मैच में वहां पर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। क्वेना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 मैच में कुल 4 विकेट अपने नाम किए।
अफ्रीका की तरफ से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसा करने वाले खिलाड़ी बने क्वेना
क्वेना मफाका जिनकी उम्र अभी सिर्फ 19 साल 124 दिन है उनका इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक प्रदर्शन उम्मीद के अनुसार देखने को मिला है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डार्विन के मैदान पर खेले गए पहले टी20 मैच में क्वेना ने अपने 4 ओवर्स की गेंदबाजी में सिर्फ 20 रन देने के साथ कुल 4 विकेट हासिल किए, इसके साथ ही क्वेना साउथ अफ्रीका की तरफ से पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 मैच में 4 विकेट लेने में कामयाब हो सके हैं। इससे पहले कोई भी साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में तीन या उससे अधिक विकेट लेने में कामयाब नहीं हो सका था।
इस मामले में बने सबसे युवा तेज गेंदबाज
19 साल 124 दिन की उम्र में टी20 मैच में 4 विकेट लेने के साथ क्वेना मफाका ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। क्वेना अब वर्ल्ड क्रिकेट में फुल मेंबर्स की टीमों में तेज गेंदबाज के तौर पर किसी टी20 मैच में चार विकेट लेने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। क्वेना ने अब तक अपने करियर में कुल 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें वह 28 के औसत से 10 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। क्वेना के अलावा साउथ अफ्रीका के लिए पहले टी20 मैच में कगिसो रबाडा ने भी 2 विकेट हासिल किए।
ये भी पढ़ें
संजू सैमसन इस खिलाड़ी को मानते हैं अपना आइडल, धोनी नहीं इस प्लेयर का लिया नाम
स्टार खिलाड़ी ने अचानक किया संन्यास का ऐलान, 14 साल लंबे करियर पर लगाया ब्रेक