1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान टेस्ट टीम में हुआ बड़ा फेरबदल, शान मसूद से छिनी टेस्ट की कप्तानी, बाबर को फिर मिली कमान

पाकिस्तान टेस्ट टीम में हुआ बड़ा फेरबदल, शान मसूद से छिनी टेस्ट की कप्तानी, बाबर को फिर मिली कमान

पाकिस्तान की टेस्ट टीम में बड़ा फेरबदल हुआ है। PCB ने शान मसूद को कप्तानी से हटा दिया है और उनकी जगह अब बाबर आजम को फिर से कप्तान नियुक्त किया गया है।

Shan Masood & Babar Azam- India TV Hindi
Image Source : AP शान मसूद & बाबर आजम

PCB ने पाकिस्तान की टेस्ट टीम में बड़ा फेरबदल किया है। बोर्ड ने टेस्ट कप्तान शान मसूद को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह बाबर आजम को एक बार फिर टीम की कमान सौंपी गई है। यह फैसला वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम के ऐलान के दौरान लिया गया। इसका मतलब है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के दौरान बाबर ही टेस्ट टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।

कप्तानी में शान मसूद का रिकॉर्ड रहा है बेहद खराब

शान मसूद की कप्तानी का सफर बेहद निराशाजनक रहा। शान मसूद लगभग तीन साल पहले कप्तान बने थे। उन्होंने 16 टेस्ट मैचों में टीम की अगुवाई की, जिनमें से पाकिस्तान को 12 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। टेस्ट इतिहास में कोई भी कप्तान अपने पहले 16 मैचों में इतने मुकाबले नहीं हारा है। पाकिस्तान के लिए उनसे ज्यादा मैच सिर्फ मिस्बाह-उल-हक (19 हार) हारे हैं, लेकिन उन्होंने 56 मैचों में कप्तानी की थी। इसके अलावा पाकिस्तान की टीम अपने पिछले 7 टेस्ट मैच लगातार हार चुकी है।

मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान की टीम जीत पाई सिर्फ एक टेस्ट सीरीज 

मसूद के कप्तान बनते ही पाकिस्तानी टीम को ऑस्ट्रेलिया से 3-0 से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद, इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब पाकिस्तान अपने ही घर में बांग्लादेश से 2-0 से टेस्ट सीरीज हार गया। मसूद की कप्तानी में बस एक ही अच्छी बात ये हुई कि उनकी टीम इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में जीत दर्ज करने में कामयाब रही। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान की टीम ने कुल 7 टेस्ट सीरीज खेली, जिनमें से उन्हें सिर्फ 1 में जीत और 4 में हार का सामना करना पड़ा है। इस खराब प्रदर्शन की वजह से पाकिस्तान वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे पहुंच गया।

कप्तान के तौर पर बाबर आजम का रिकॉर्ड रहा है शानदार

बतौर कप्तान बाबर आजम के रिकॉर्ड की बात करें तो वो शान मसूद की तुलना में काफी बेहतर रहा है। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 20 में से 10 टेस्ट मैच जीते थे, जिसमें बांग्लादेश और श्रीलंका में क्लीन स्वीप शामिल है। कप्तान रहते हुए बाबर का बल्लेबाजी औसत भी 50 से ज्यादा का था। हालांकि, उनकी कप्तानी में पाकिस्तान को अपने ही घर में इंग्लैंड से 3-0 से हार का सामना भी करना पड़ा था, जो पाकिस्तानी टेस्ट इतिहास में पहली बार हुआ था। पीसीबी के पास कप्तानी के लिए कोई और मजबूत विकल्प न होने के कारण उन्होंने दोबारा बाबर आज़म पर भरोसा जताया है।

यह भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी ने इंडिया डेब्यू की खबर सबसे पहले किसे सुनाई? BCCI ने शेयर किया दिल छू लेने वाला VIDEO

टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया का हुआ बुरा हाल, जीत के लिए तरसे चैंपियन

Latest Cricket News