1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी ने इंडिया डेब्यू की खबर सबसे पहले किसे सुनाई? BCCI ने शेयर किया दिल छू लेने वाला VIDEO

वैभव सूर्यवंशी ने इंडिया डेब्यू की खबर सबसे पहले किसे सुनाई? BCCI ने शेयर किया दिल छू लेने वाला VIDEO

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Jul 05, 2026 10:35 am IST,  Updated : Jul 05, 2026 10:40 am IST

वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में इंटरनेशनल डेब्यू करने का मौका मिला। इसी के साथ वे भारत की तरफ से इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।

Vaibhav Sooryavanshi- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी Image Source : X@BCCI

वैभव सूर्यवंशी 4 जुलाई 2026 का दिन कभी नहीं भूलेंगे। इसी दिन उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया। उन्हें भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए दूसरे टी-20 मैच में खेलने का मौका मिला। मैनचेस्टर में डेब्यू करते ही उन्होंने इतिहास रच दिया है। वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। वैभव ने यह कमाल सिर्फ 15 साल और 99 दिन की उम्र में किया और दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सचिन ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल और 205 दिन की उम्र में अपना पहला मैच खेला था।

अपने डेब्यू को लेकर वैभव ने क्या कहा?

मैनचेस्टर में मैच शुरू होने से पहले टीम इंडिया के उपकप्तान तिलक वर्मा ने वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू कैप दी। बीसीसीआई (BCCI) ने इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस वीडियो में सूर्यवंशी ने बताया कि जब उन्हें डेब्यू के बारे में पता चला तो उन्होंने सबसे पहले ये खबर किसको सुनाई। कैप मिलने के बाद सूर्यवंशी ने कहा कि मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। यह मेरा एक सपना था। किसी भी खिलाड़ी के लिए भारतीय टीम से खेलना सबसे बड़ी बात होती है। हर कोई क्रिकेट खेलना इसीलिए शुरू करता है ताकि वह इंटरनेशनल मैच खेल सके और अपने देश का नाम रोशन करे। यह मेरे लिए बहुत गर्व का समय है।

इंडिया डेब्यू की खबर वैभव ने सबसे पहले किसे बताई

वैभव ने आगे कहा कि जैसे ही मुझे डेब्यू के बारे में पता चला तो सबसे पहले मैंने अपने कमरे में जाकर यह बात अपने पापा को बताई, क्योंकि वह यहां मेरे साथ ही रह रहे हैं। उनके अलावा मैंने किसी और को नहीं बताया। इसके बाद मैंने अपनी मम्मी और अपने रोमी भिंडर सर को बताया, जो हमेशा मेरे साथ रहते हैं। लेकिन सबसे पहले पापा को ही बताया था। पापा यह सुनकर बहुत खुश हुए और बोले तुम जैसे अब तक खेलते आए हो, वैसे ही खेलते रहो। कोई प्रेशर मत लेना और बस अपने खेल पर पूरा भरोसा रखना।

डेब्यू कैप देने के दौरान तिलक ने वैभव को क्या कहा?

तिलक ने सूर्यवंशी को कैप देने के बाद कहा कि बधाई हो। पहली चीज है कि तेरे और परिवार के लिए गर्व का पल है। उन्होंने तेरे पीछे बहुत मेहनत की है। कैप मिलने के बाद बहुत गर्व महसूस होता है। तूने इस कैप को टैलेंट के साथ हासिल किया है। बेखौफ होकर क्रिकेट खेलो। सही एटीट्यूड के साथ खेलो। हर भारतीय और देश को गर्व महसूस कराओ। शुभकामनाएं। कैप नंबर 122 वैभव सूर्यवंशी, ऑल द बेस्ट। डेब्यू मैच में वैभव के प्रदर्शन को लेकर बात करें तो वह 10 बॉल पर दो छक्के की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए। वहीं फील्डिंग के दौरान उन्होंने एक कैच पकड़ा।

यह भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी ने जोफ्रा आर्चर की गेंद पर जड़ा दनदनाता हुआ सिक्स, डेब्यू मैच में 140 की स्ट्राइक रेट से बनाए रन

महिला टी20 विश्व कप फाइनल में वृंदा राठी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, ऑन फील्ड अंपायरिंग करने वाली बनेंगी पहली भारतीय

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल