इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 15 साल के युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू करने का मौका मिला। वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। फैंस को वैभव से डेब्यू मैच में बड़ी पारी की उम्मीद थी। लेकिन अपने पहले मैच में उनका बल्ला उस अंदाज में नहीं चला, जिसकी उम्मीद फैंस को थी। अपनी पारी के दौरान वह सिर्फ 10 गेंदों का सामना कर पाए और इस दौरान वह सिर्फ दो छक्के लगाने में कामयाब हो सके। इसमें से एक छक्का उन्होंने जोफ्रा आर्चर की गेंद पर लगाया।
जोफ्रा आर्चर की गेंद पर वैभव ने लगाया शानदार शॉट
अपने पहले इंटरनेशनल मैच में वैभव शुरुआत से ही बिना किसी दबाव के खुलकर खेलते हुए नजर आए। वे शुरू से ही तेजी से रन बना रहे थे। तीसरे ओवर में उनका सामना इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर से हुआ, जो आईपीएल (IPL) में राजस्थान रॉयल्स टीम में उनके साथी भी हैं। इस ओवर में उन्होंने एक ऐसा शॉट लगाया जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। उनके इस शॉट का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
ओवर की पहली ही गेंद पर आर्चर ने देखा कि वैभव क्रीज से थोड़ा हटकर खड़े हैं, तो उन्होंने गेंद सीधे उनके शरीर की तरफ फेंकी। लेकिन युवा वैभव इसके लिए पहले से तैयार थे। उन्होंने गेंद की तेज रफ्तार का फायदा उठाया और एक दनदनाता हुआ छक्का जड़ दिया। वैभव का यह बड़ा छक्का देखकर मैदान में बैठे दर्शक खुशी से झूम उठे और भारतीय टीम के खिलाड़ी भी बेहद खुश हो गए। इसके बाद उन्होंने एक छक्का जोश टंग की गेंद पर लगाया।
डेब्यू मैच में 14 रन बनाकर आउट हुए वैभव
अपने डेब्यू मैच में वैभव सूर्यवंशी कुछ खास नहीं कर सके और 10 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हो गए। इस पारी में उन्होंने एक भी चौका नहीं लगाया, बल्कि 2 शानदार छक्के जड़े। वह विल जैक्स की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में स्टंप आउट हो गए। उम्मीद है कि अगले मैच में वह बड़ी पारी खेलेंगे। वहीं दूसरी ओर, अभिषेक शर्मा ने इस मुकाबले में अच्छी बल्लेबाजी की और 24 गेंदों में 43 रन बनाए।
यह भी पढ़ें