1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी के फैन हुए कप्तान श्रेयस अय्यर, टॉस के दौरान कहा- वो प्लेइंग XI में जगह डिजर्व करते हैं

वैभव सूर्यवंशी के फैन हुए कप्तान श्रेयस अय्यर, टॉस के दौरान कहा- वो प्लेइंग XI में जगह डिजर्व करते हैं

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Jul 04, 2026 07:04 pm IST,  Updated : Jul 04, 2026 07:04 pm IST

वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में खेलने के मौका मिला है। प्लेइंग 11 में शामिल होने और डेब्यू करने के साथ ही वैभव ने इतिहास रच दिया है।

Vaibhav Sooryavanshi- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी Image Source : AFP

वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच के लिए प्लेइंग XI में शामिल किया गया है। प्लेइंग 11 में शामिल होने और डेब्यू करने के साथ ही वैभव ने इतिहास रच दिया है। वह अब भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा है। मेनचेस्टर में खेले जा रहे दूसरे टी20 में टॉस के वक्त टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने वैभव की जमकर तारीफ की। टॉस के वक्त कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा है कि वैभव सूर्यवंशी इस प्लेइंग 11 में जगह डिजर्व करते हैं।

श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्या कहा?

टॉस के वक्त अय्यर ने सबसे पहले बताया कि वो इस मैच में पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि इस मुकाबले के लिए वैभव सूर्यवंशी को संजू सैमसन की जगह मौका दिया गया है। वैभव के बारे में बात करते हुए अय्यर ने आगे कहा कि आप सबने पिछले कुछ महीनों में देखा है कि वो कितनी शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि वो इस टीम में शामिल होना पूरी तरह डिजर्व करते हैं। वो एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो बिल्कुल भी दबाव नहीं लेते और बिना किसी डर के खेलते हैं। उन्हें अच्छे से पता है कि आगे आने वाले मैचों में उनके सामने क्या चुनौतियां होंगी। वो नेट्स में जिस तरह से बैटिंग करते हैं और गेंदबाजों का सामना करते हैं, उससे साफ पता चलता है कि वो कितने बेहतरीन खिलाड़ी हैं।

इस स्पेशल लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंचे वैभव

इसके साथ ही वैभव ने एक और उपलब्धि अपने नाम की। वह फुल मेंबर्स टीम के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। ओवरऑल इस लिस्ट की बात करें, तो इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के हसन रजा के नाम है। उन्होंने 14 साल 227 दिन की उम्र में जिम्बाब्वे के खिलाफ डेब्यू किया था। वैभव अब इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए हैं, जबकि उनके बाद बांग्लादेश के मोहम्मद शरीफ (15 साल 116 दिन), पाकिस्तान के मुश्ताक मोहम्मद (15 साल 124 दिन) और आकिब जावेद (16 साल 127 दिन) का नंबर आता है। इतने कम उम्र में दुनिया के दिग्गज खिलाड़ियों के साथ इस लिस्ट में शामिल होना वैभव सूर्यवंशी के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।

यह भी पढ़ें

अभिषेक शर्मा के पास दूसरे टी20 में दो बड़े कारनामे करने का मौका, हार्दिक और सूर्यकुमार यादव को छोड़ सकते हैं पीछे

ऑस्ट्रेलिया को वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनने के लिए पलटना होगा इतिहास, घर में अजेय है इंग्लैंड की टीम

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल